Nangal Chaudhary : नांगल चौधरी सीएचसी को लगी ‘सार्थक’ टीम के औचक निरीक्षण की भनक, स्टाफ हुआ अलर्ट
सीएचसी में रिकार्ड को अपडेट करते विभागीय कर्मचारी।
Nangal Chaudhary : (विजय यादव) स्वास्थ्य विभाग की सार्थक टीम के औचक निरीक्षण की सूचना मिलते ही नांगल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ अलर्ट मोड पर आ गया। अस्पताल में रिकॉर्ड को अपडेट करने के साथ-साथ उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। हालांकि सीएचसी प्रशासन का कहना है कि अस्पताल में व्यवस्थाएं पहले से ही सुचारु हैं और कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर पहुंचकर मरीजों को सेवाएं दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का आकलन करने के लिए सार्थक टीम का गठन किया है। टीम को अस्पतालों में औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों की स्थिति और स्टाफ की कार्यप्रणाली का जायजा लेने की जिम्मेदारी दी गई है।
निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या निर्धारित मानकों में कमी पाए जाने पर कार्रवाई का प्रावधान भी किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सार्थक टीम 17 सितंबर को नारनौल पहुंची। टीम के क्षेत्र में पहुंचने की सूचना के बाद स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं को लेकर कर्मचारियों ने सक्रियता बढ़ा दी।
रिकॉर्ड को अपडेट करने, जरूरी संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने और मरीजों की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया गया। नांगल चौधरी सीएचसी के प्रवेश द्वार पर ड्यूटी चार्ट भी लगाया गया है। इसका उद्देश्य ओपीडी स्लिप लेने के बाद मरीज को संबंधित चिकित्सक तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सेवाओं को सुचारु रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएचसी में तकनीकी उपकरणों की देखरेख की जिम्मेवारी नितेश शर्मा को सौंपी गई है, वहीं विजय कसाना तथा बीएसी सुभाष यादव को ग्रामीण मरीजों तक विभागीय योजनाएं पहुंचाने का दायित्व दिया गया है।
मरीजों को जांच व दवाइयां निशुल्क उपलब्ध, आइपीडी सेवाएं मिल रही
सीएचसी इंचार्ज डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं तत्परता से निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। जांच सुविधाओं और दवाओं के साथ मरीजों के लिए एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि सार्थक टीम सभी जिलों में स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर रही है। यह स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में विशेष मिशन है। मरीजों को सुगमता से समय पर उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
यह भी देखें – हरियाणा में आपदा से निपटने की बड़ी तैयारी, 14 जिलों के 5200 युवाओं को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग
