Narnaul: संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आज ट्रस्ट ‘मंदिर श्री नामदेव महाराज’, मोहल्ला छिपी जोहड़, नारनौल के तत्वावधान में भव्य शोभा एवं कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक आयोजन में नामदेव समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 51 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति का परिचय दिया। समाज के संरक्षक श्री सुभाष चंद्र वर्मा ठेकेदार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा से पूर्व संत नामदेव महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई।
शोभा यात्रा नामदेव भवन, पुरानी सराय से प्रारंभ होकर घड़ी वाले पीर बाबा, गर्ल्स आईटीआई, तालाब बहादुर सिंह तथा नई मंडी मार्ग से होती हुई प्राचीन हनुमान मंदिर, मोहल्ला छिपी जोहड़ पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के समापन पर मंदिर परिसर में विशाल हवन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, समाज की सुख-समृद्धि और परिवारों की खुशहाली के लिए आहुतियां दीं। इस अवसर पर समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज का जीवन भक्ति, प्रेम, समानता, सद्भाव और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज को आपसी भाईचारा मजबूत करने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने तथा सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए मिलकर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कार, सामाजिक जागरूकता और युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने से भी जुड़ी है।
समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद, गरीब परिवारों का सहयोग और प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान समाज को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।समाज के लोगों ने इस बात पर भी जोर दिया कि सामाजिक एकता बनाए रखना समय की आवश्यकता है। सभी को आपसी मतभेद भुलाकर समाजहित के कार्यों में सहयोग करना चाहिए। बुजुर्गों का सम्मान, महिलाओं की भागीदारी, युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा होना प्रत्येक समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने की सहभागिता
भव्य शोभा एवं कलश यात्रा में समाज के संरक्षक सुभाष चंद्र वर्मा ठेकेदार, पूर्व प्रधान बाबूलाल वर्मा, ट्रस्ट अध्यक्ष पुष्कर मल वर्मा, श्री नामदेव समाज समिति के उपप्रधान प्रदीप कुमार, ओमप्रकाश लोहारिया, डॉ. संजय कुमार, सतीश कुमार, नवरत्न वर्मा, एडवोकेट सत्यनारायण वर्मा, सुभाष चंद्र कश्यप, पूर्ण चंद, मंदिर ट्रस्ट के प्रधान कैलाश चौधरी, सचिव बृजमोहन गोठवाल, सत्यनारायण, ओमप्रकाश नागर और निरंजन लाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ समाज में एकता, शिक्षा, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज के आदर्शों को अपनाकर समाज और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

