Nangal Chaudhary News: नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर निवासी एक क्रॉकरी व गिफ्ट विक्रेता फेसबुक पर आर्थिक मदद का विज्ञापन देखकर साइबर ठगी का शिकार हो गया।
आरोपियों ने अभिनेता व तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाकर पीड़ित से लगातार तीन दिनों तक फोन-पे के जरिए पैसे ट्रांसफर करवाए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और अब पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में दुकानदार मुकेश कुमार ने बताया कि उसने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें आर्थिक मदद देने का दावा किया जा रहा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने उसे पैसों का झांसा देकर विश्वास में ले लिया।
इसके बाद उसने बताए गए फोन-पे अकाउंट पर कई बार रुपए ट्रांसफर कर दिए। हालांकि, पैसे भेजने के बाद भी जब कोई मदद नहीं मिली और आरोपी टालमटोल करने लगे, तब उसे ठगी का संदेह हुआ।
पीड़ित मुकेश ने पहले इस धोखाधड़ी की ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद 25 अक्टूबर को उसने नांगल चौधरी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मोबाइल नंबर और बैंक खातों के ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह भी देखें – हरियाणा दिवस पर श्री गौड़ ब्राह्मण सभा नारनौल में लगेगा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

