Narnaul News: जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय नारनौल में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण सिर्फ एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा का संदेश देने वाला अमूल्य ग्रंथ है, जिसके आदर्श आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत चंडीगढ़ स्थित कबीर कुटीर से हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लाइव एलईडी प्रसारण से हुई, जहां उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इसके बाद विधायक ओमप्रकाश यादव ने महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक को पगड़ी पहनाकर उनका पारंपरिक स्वागत व सम्मान किया।

विधायक ओमप्रकाश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति और सामाजिक विरासत को संजोने में महर्षि वाल्मीकि का अतुलनीय योगदान है। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। युवाओं को उनके पदचिन्हों पर चलकर समाज में समानता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए। समारोह के अंत में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को विधायक द्वारा स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया, नगराधीश डॉ. मंगल सेन, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा, महर्षि वाल्मीकि सभा नारनौल के प्रधान योगेंद्र सिंह जौदियां, उप प्रधान बारा चंद चांवरिया, महासचिव राजेश कुमार डुलगच, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार चांवरिया समेत कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी देखें – फेसबुक विज्ञापन के जरिए क्रॉकरी दुकानदार से साइबर ठगी, मामला दर्ज

