Narnaul: क्षेत्र के प्रसिद्ध पाली धाम स्थित श्रीश्री 1008 परमहंस बाबा जयरामदास महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस बार भी भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर बाबा के मंदिर परिसर में सायंकालीन भंडारे और रात्रि जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दूर से पहुंचे सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर प्रसाद ग्रहण किया और मन्नतें मांगीं।रात्रि जागरण के मुख्य अतिथि के रूप में भिवानी से पधारे फतेहचंद वशिष्ठ ने शिरकत की। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज में बाबा जयरामदास के भजनों का गुणगान कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भक्ति संध्या की शुरुआत महेंद्रगढ़ के प्रसिद्ध कलाकार सत्येंद्र शर्मा द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ‘गणपति को प्रथम मनाना है, उत्सव को सफल बनाना है’ के साथ की गई। इसके बाद उन्होंने बालाजी महाराज का लोकप्रिय भजन ‘कलियुग में सिद्ध हो देव तुम्ही हनुमान तुम्हारा क्या कहना’ गाकर अपनी शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में ग्वालियर से पधारे प्रसिद्ध कलाकार मनोज शर्मा ने ‘परमहंस त्यागी बाबा का आज बर्थडे आया है, इसलिए बाबा ने हमें पाली में बुलाया है’ भजन गाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। महेंद्रगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक कलाकार सत्येंद्र शर्मा ने एक बार फिर मंच संभालते हुए ‘राम तेरे घर आएंगे आएंगे प्रभु आएंगे’ भजन की प्रस्तुति देकर श्रोताओं से खूब तालियां बटोरीं।
इस पूरे आयोजन के दौरान बाबा जयरामदास का भव्य दरबार, उनका अलौकिक श्रृंगार और छप्पन भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान के सफल आयोजन से पूरा पाली धाम भक्तिमय नजर आया।
यह भी देखें Narnaul: संत शिरोमणि श्री नामदेव महाराज के जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभा एवं कलश यात्रा

