Narnaul: राजकीय महाविद्यालय नारनौल में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के जोनल युवा महोत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर सभी महाविद्यालयों के कंटिजेंट इंचार्जों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान युवा महोत्सव में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम-क्रम निर्धारित किया गया तथा प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए कोड आवंटित किए गए। इसका उद्देश्य प्रतियोगिताओं का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से करना तथा निर्णयन प्रक्रिया में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। सभी कंटिजेंट इंचार्जों को प्रतियोगिताओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
आयोजन सचिव डॉ. नरेश कुमार यादव ने बताया कि 31 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस युवा महोत्सव में अब तक जिले के 21 महाविद्यालयों ने भाग लेने के लिए पंजीकरण करवाया है। महोत्सव के दौरान कुल 46 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विद्यार्थी अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा आपसी समन्वय और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समन्वयक डॉ. हवा सिंह यादव एवं महाविद्यालय प्रशासन ने नारनौल शहर तथा आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से युवा महोत्सव में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

