Narnaul: अग्रोहा धाम में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आगामी 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर का विशाल वार्षिक मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में देश और प्रदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु, वैश्य समाज के प्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यापारी, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग भाग लेंगे। धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी मेले के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
अग्रोहा धाम के प्रदेश प्रवक्ता डा. राजकुमार गोयल ने बताया कि इस मेले में जगतगुरु ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी, अग्रोहा धाम के संरक्षक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, पंजाब के कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र गोयल, देश के प्रमुख उद्योगपति विधायक सावित्री जिंदल सहित अनेक मंत्री, समाजसेवी, संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग शामिल होंगे।
मेले में प्रमुख कलाकार मासूम शर्मा, भजन गायिका अंजलि द्विवेदी उपस्थित जन का मन मोहने का काम करेंगे। इस मेले में विशाल महासम्मेलन का आयोजन भी होगा जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से सामाजिक प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भाग लेंगे।
सम्मेलन में सामाजिक सेवा, शिक्षा, संस्कार, समाज की वर्तमान चुनौतियों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस महासम्मेलन में समाज एवं राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।,
गोयल ने बताया कि अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस मेले में सुबह से ही विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। श्रद्धालु शक्ति सरोवर में स्नान, मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं आरती में शामिल होंगे।
महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा के साथ साथ श्री महालक्ष्मी जी का छप्पन भोग, विशाल भंडारा और ध्वजारोहण सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय मेले का उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ समाज को एकजुट करना और महाराजा अग्रसेन के सामाजिक आदर्शों को जन जन तक पहुंचाना है। मेले में धर्म, संस्कृति, सेवा और सामाजिक सरोकारों का सुंदर संगम देखने को मिलेगा
इस राष्ट्रीय मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालु अग्रोहा धाम में बने माता महालक्ष्मी, महाराजा अग्रसेन, माता सरस्वती, माता वैष्णो देवी, अमरनाथ की बर्फानी गुफा, तिरुपति बालाजी, भैरव बाबा और रामेश्वर धाम सहित विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे।
इसके अलावा मां गंगा अवतरण, 90 फुट ऊंची बाबा हनुमान जी की प्रतिमा, श्री कृष्ण लीला और श्री राम लीला की विद्युत संचालित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बच्चों एवं परिवारों के लिए मनोरंजक झूलों की भी व्यवस्था रहेगी। प्रसिद्ध भजन गायकों एवं कलाकारों की प्रस्तुतियां मेले के सांस्कृतिक पक्ष को और भव्य बनाएंगी।
राजकुमार गोयल ने बताया कि अग्रोहा धाम में करीबन 30 करोड़ रुपये की लागत से महाराजा अग्रसेन के नाम पर दो म्यूजियम बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपये की लागत से विशाल ऑडिटोरियम एवं अन्य विकास कार्य भी करवाए जा रहे हैं।
यह भी देखें कन्या पूजन और बटुक बैठाने के लिए क्या है सही उम्र? जानिए धार्मिक नियम

