Narnaul Cobra Rescue: नारनौल के नांगल चौधरी क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। ढाणी बाया वाली के पास स्थित नहर विभाग के पंप पर उस समय अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब वहां खड़ी एक कर्मचारी की मोटरसाइकिल के भीतर करीब छह फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। बाइक के पुर्जों के बीच फंसे विशालकाय सांप को देखते ही कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए और वहां हड़कंप मच गया।
हादसे की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों ने खुद कोई जोखिम नहीं उठाया और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय गोरक्षा दल को दी।
गोरक्षा दल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
सूचना मिलते ही गोरक्षा दल के सुधीर चौधरी अपनी टीम के साथ बिना कोई देरी किए मौके पर पहुंचे। बाइक के संवेदनशील हिस्सों और इंजन के पास छिपे सांप को बाहर निकालना काफी जोखिम भरा काम था, लेकिन टीम ने बेहद सावधानी और समझदारी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने 6 फीट लंबे जहरीले कोबरा को बाइक से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सांप के बाहर निकलते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद गोरक्षा दल की टीम ने कोबरा को एक सुरक्षित डिब्बे में बंद किया और आबादी से दूर जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें– Gurugram News: बिजनौर पुलिस की लापरवाही से गई युवक की जान, 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड

