Narnaul Crime News: महेंद्रगढ़ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए साइबर थाना नारनौल की टीम ने ऑनलाइन टास्क के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की बड़ी रकम ट्रांसफर हुई थी।
साइबर थाना नारनौल में इस मामले को लेकर 12 सितंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपी के खाते में पहुंचे थे 5 लाख रुपए
जांच के दौरान सामने आया कि पीड़ित से ठगे गए कुल 7 लाख 15 हजार रुपए में से 5 लाख रुपए सीधे आरोपी नवीन के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। गिरफ्तार किया गया आरोपी नवीन, बांधेरी (शेखासर, जोधपुर) का रहने वाला है, जिसने अपना खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। पुलिस ने आरोपी को 19 अक्टूबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया।
ऐसे दिया गया था ठगी को अंजाम
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 मई 2025 को उसे व्हाट्सएप पर घर बैठे रोजाना 2 से 8 हजार रुपए कमाने का लालच दिया गया था। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाकर उसे कुछ मुनाफा दिया गया, जिससे उसका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद टेलीग्राम के जरिए अधिक मुनाफे का झांसा देकर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 7 लाख 15 हजार रुपए जमा करवा लिए गए।
जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने पैसे फ्रीज होने का बहाना बनाकर और रुपए मांगे तथा बाद में टेलीग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

