Narnaul: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जारी नोटिसों और उनसे जुड़े सुनवाई मामलों के समयबद्ध निस्तारण को प्रशासन ने सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा है। कोई भी योग्य मतदाता न छूटे, इस संकल्प के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय सुनवाई प्रक्रिया को लगातार गति दे रहा है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा अंजली ने बताया कि 7 अक्टूबर को जिले में लगाए गए विशेष शिविर में 1817 लंबित मामलों की सुनवाई की गई। उन्होंने नोटिस प्राप्त करने वाले सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक कुल 1,23,415 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 1,817 सुनवाई मामले लंबित हैं। यह कुल नोटिसों का मात्र 1.47 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण, प्रभावी मॉनिटरिंग तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि नोटिसों की सुनवाई समय पर पूरी करने के लिए 7 से 9 अक्टूबर तक ऐसे मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। नोटिस प्राप्त होने के बावजूद संबंधित मतदाताओं ने अब तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं। इसके साथ ही घर-घर सर्वे के दौरान भी दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।
उन्होंने सभी ऐसे पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और अपने दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करवाएं, ताकि 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में सभी योग्य मतदाताओं के नाम शामिल हो सकें।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिले में नए मतदाताओं के कुल 11,577 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 2,408 आवेदन मिले हैं। इसके अलावा, मतदाता सूची की प्रविष्टियों में सुधार के लिए 13,594 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
यह भी देखें सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर

