Narnaul: नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने रविवार को धन्यवाद दौरे के दौरान विधानसभा क्षेत्र के गांव खासपुर और सीहमा में विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान खासपुर में 1 करोड़ 81 लाख रुपये तथा सीहमा में 4 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं से संबंधित कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक ओम प्रकाश यादव का फूल-मालाओं और पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया। विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य क्षेत्र का विकास करना और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। नारनौल विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें लगातार तीसरी बार अपना प्रतिनिधि चुनकर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि रबी की फसल की बिजाई के सीजन को देखते हुए सिंचाई विभाग और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है। किसानों को समय पर नहरी पानी और पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाया जा रहा हैं। किसानों के लिए लगातार 12 घंटे नहरी पानी छोड़ा जा रहा है ताकि किसान फसल बिजाई के लिए प्रयोग कर सके। साथ ही किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज और खाद उपलब्ध करवाने की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है।विधायक ने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना मंडियों में खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी नई-नई जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से हरियाणा के लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने का काम कर रहे हैं।
विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जब गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचेगा, तभी देश और प्रदेश खुशहाल बनेंगे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे विपक्ष के भ्रामक प्रचार से सावधान रहें और सरकार की योजनाओं के बारे में सही जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले क्षेत्र में बिजली और पानी की उपलब्धता को लेकर किसानों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। समय पर बिजली और पानी नहीं मिलने तथा भूजल स्तर नीचे जाने से किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाता था। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और आमजन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

