September 18, 2026

Narnaul : नारनौल के सरकारी आईटीआई में छात्र के साथ मारपीट, क्लास में टिफिन और जूतियों से पीटने का गंभीर आरोप

0
Narnaul : नारनौल के सरकारी आईटीआई में छात्र के साथ मारपीट, क्लास में टिफिन और जूतियों से पीटने का गंभीर आरोप

पीड़ित छात्र अपने परिजनों के साथ

Narnaul : महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में एक छात्र के साथ शिक्षक और इंस्ट्रक्टर द्वारा मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल (DMC) ट्रेड के सेकेंड ईयर के छात्र अरुण ने आरोप लगाया है कि एक चैप्टर को लेकर टोकने पर महिला इंस्ट्रक्टर और एक अन्य मेल टीचर ने उसकी बेरहमी से पिटाई की।

छात्र का दावा है कि उसे क्लास में टिफिन और जूतियों से पीटा गया, उसकी शर्ट फाड़ दी गई और जानबूझकर डिप्लोमा खराब करने व नाम काटने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद से छात्र और उसका परिवार सदमे में है।

Narnaul : नारनौल के सरकारी आईटीआई में छात्र के साथ मारपीट, क्लास में टिफिन और जूतियों से पीटने का गंभीर आरोप
अपनी कॉपी में सारा मामला लिखा छात्र ने

विवाद की शुरुआत: चैप्टर पर टोकने से भड़कीं मैडम

पीड़ित छात्र अरुण ने आपबीती बताते हुए कहा कि 14 सितंबर को क्लास के दौरान महिला इंस्ट्रक्टर ने कहा कि ‘रॉड वाला चैप्टर सेकेंड ईयर में है।’ इस पर जब अरुण ने हाथ उठाकर यह याद दिलाया कि यह चैप्टर पहले भी पढ़ाया जा चुका है, तो महिला इंस्ट्रक्टर आगबबूला हो गईं।

अरुण के अनुसार, बात इतनी बढ़ गई कि मैडम ने क्लास के भीतर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसे टिफिन और जूतियों तक से मारा गया। जब छात्र ने अपना भविष्य बचाने के लिए माफी मांगी, तो उसे आईटीआई से नाम कटवाने की धमकी दी गई।

इसके बाद मैडम उसे एक मेल टीचर के पास ले गईं, जहां क्लास की रिकॉर्डिंग करने का झूठा आरोप लगाकर मेल टीचर ने भी उसके साथ गाली-गलौज की, उसका कॉलर पकड़ा, कई थप्पड़ जड़े और उसकी शर्ट भी फाड़ दी।

छात्रों के हस्ताक्षर और अधिकारियों की चुप्पी

घटना के समय क्लास में फर्स्ट और सेकेंड ईयर के कई छात्र मौजूद थे, जो इस पूरे वाकये के गवाह हैं। अरुण का कहना है कि उसने अपने साथ हुई प्रताड़ना की पूरी दास्तान एक कॉपी में तारीखवार नोट कर रखी है। उसने मैडम के खिलाफ एक लिखित शिकायत तैयार कर उस पर अन्य छात्रों के हस्ताक्षर भी करवाए थे। छात्र का यह भी आरोप है कि वह पहले भी जीआई (Group Instructor), वाइस प्रिंसिपल और संबंधित अधिकारियों के पास गुहार लगा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। छात्र का आरोप है कि आरोपी शिक्षिका बेखौफ होकर यह कहती हैं कि “तूने सब जगह शिकायत कर ली, मगर मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सका।”

Narnaul : नारनौल के सरकारी आईटीआई में छात्र के साथ मारपीट, क्लास में टिफिन और जूतियों से पीटने का गंभीर आरोप
राजकीय आईटीआई नारनौल के प्राचार्य विनोद खनगवाल

प्रिंसिपल का पक्ष

इस पूरे मामले पर जब गवर्नमेंट आईटीआई नारनौल के प्रिंसिपल विनोद खनगवाल से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पीड़ित छात्र अभी तक उनसे प्रत्यक्ष रूप से नहीं मिला है और न ही संस्थान में कोई औपचारिक लिखित शिकायत दी है।

प्रिंसिपल ने आश्वासन दिया है कि यदि छात्र लिखित शिकायत देता है, तो इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान में किसी भी छात्र को डर के माहौल में नहीं रहने दिया जाएगा।

यह भी देखें –  नारनौल के हुड्डा सेक्टर-1 में निर्माणाधीन मकान से लाखों का सामान चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed