Narnaul News: पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में थाना सदर नारनौल पुलिस ने अवैध रूप से विस्फोटक पटाखों का भंडारण करने के मामले में कार्रवाई करते हुए गांव बाछोद स्थित एक मकान से विभिन्न प्रकार के विस्फोटक पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार मामला दर्ज किया है।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि 06 नवंबर 2026 को थाना सदर नारनौल की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि गांव बाछोद निवासी विनोद ने अपने मकान में बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के विस्फोटक पटाखों का भंडारण किया हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे से खुले एवं पैकेटों तथा थैलों में रखे विभिन्न प्रकार के विस्फोटक पटाखे बरामद हुए।
पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान बरामद सामग्री में सुतली बम, रॉकेट, चकरी, फ्लावर पॉट, फुलझड़ियां तथा अन्य विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल पाए गए।
पुलिस टीम ने संबंधित व्यक्ति से विस्फोटक पटाखों के भंडारण के संबंध में वैध लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामग्री के नमूने सुरक्षित रखते हुए शेष पटाखों को नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में थाना सदर नारनौल में विनोद के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थों से संबंधित कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच एवं नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी देखें – अटेली के राधा कृष्ण मंदिर में 10 नवंबर को लगेगा विशाल अन्नकूट भंडारा


