Karnal Fake Currency Case: मुनीश मुंडे, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में नकली करेंसी के जरिए ठगी और धोखाधड़ी करने वाले शातिर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। थाना बुटाना पुलिस ने 200 रुपये के आकार के नकली नोट और संदिग्ध सामग्री मिलने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के रिमांड के दौरान की गई पूछताछ के आधार पर उसके ठिकाने से नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और विशेष आकार के कागज भी बरामद किए हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
नाकाबंदी के दौरान कार की डिग्गी से मिले थे नकली नोट
इस मामले की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने बताया कि बीती 26 सितंबर को थाना बुटाना की एक टीम नीलोखेड़ी के संधीर रोड पर मुस्तैदी के साथ वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक वोक्सवैगन पोलो कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जब गाड़ी की डिग्गी की जांच की गई, तो वहां से 200 रुपये के नोट के आकार के 250 नकली नोट और उसी साइज के 16 कांच के टुकड़े बरामद हुए। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया और जांच का दायरा बढ़ाया।
रिमांड के दौरान खुलासे के बाद प्रिंटर और कागज बरामद
मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने आरोपी कुलदीप, जो कि पानीपत जिले के गांव संजौली का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान कड़ाई से हुई पूछताछ में आरोपी ने कई खुलासे किए, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके पास से एक प्रिंटर और 100 रुपये के नोट के आकार के सफेद कागजों से भरा एक पूरा बैग बरामद किया। पुलिस का मानना है कि यह शातिर गिरोह इस उपकरण के जरिए बड़े पैमाने पर नकली नोट तैयार करने की फिराक में था। रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश के आदेशानुसार उसे जिला जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में माइनिंग के ट्रक निकालने के एवज में रिश्वत लेती एनफोर्समेंट थाने की ASI रंगे हाथों गिरफ्तार

