Mahendragarh News: जिला उपायुक्त अनुपमा अंजली ने वीरवार को स्थानीय सामान्य अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम योगेश सैनी और सीएमओ डॉ. अशोक कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। औचक निरीक्षण के दौरान डीसी ने अस्पताल की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसी अनुपमा अंजली ने अस्पताल के सभी वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, दवा वितरण केंद्र (डिपो) और जांच प्रयोगशाला (लैब) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में इलाज करवा रहे मरीजों से सीधे बातचीत कर उनसे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।
डीसी ने मौके पर मौजूद डॉक्टरों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को समय पर बेहतर इलाज, आवश्यक दवाइयां और एक साफ-सुथरा माहौल मिलना चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, पीने के साफ पानी और मरीजों के बैठने की उचित व्यवस्था हर समय सुचारू रखने तथा इमरजेंसी सेवाओं को हमेशा पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डीसी ने खराब पड़ी बायोमेट्रिक मशीन को तुरंत बदलने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने डॉक्टरों और स्टाफ की उपस्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और दवाइयों की उपलब्धता का भी विशेष जायजा लिया।
डीसी अनुपमा अंजली ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने चेतावनी दी कि अस्पताल में इलाज के दौरान मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी देखें – जिला स्तरीय बाल महोत्सव के दूसरे दिन सोलो एवं ग्रुप डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन

