Narnaul News: शहर थाना पुलिस ने राव का मोहल्ला स्थित एक मकान पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मौके से मकान मालिक विनोद उर्फ विनय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिना किसी लाइसेंस या परमिट के अपने घर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर की शाम को हेड कांस्टेबल सुनील कुमार अपनी टीम के साथ सरकारी अस्पताल के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि राव का मोहल्ला निवासी विनोद ने अपने घर में भारी मात्रा में अवैध पटाखे छुपा रखे हैं। सूचना के आधार पर उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तुरंत मकान पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को गत्ते के डिब्बों और पेटियों में रखे गए 25 से अधिक किस्म के पटाखे मिले। इनमें नासा रॉकेट, व्हिसलिंग रॉकेट, सुतली बम, नागराज किंग कोबरा, बुलेट बम, साउंड क्रैकर, इलेक्ट्रिक क्रैकर, चकरी स्पेशल, फूलझड़ी, कलर स्पार्कलर और विभिन्न ब्रांड्स के फ्लावर पॉट शामिल हैं। पुलिस द्वारा लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने सभी पटाखों को अपने कब्जे में लेकर उनके नमूने सुरक्षित कर लिए हैं। शहर थाने में आरोपी विनोद के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम (Explosive Act) की धारा 4, 5 और 9बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच एएसआई रितु को सौंपी गई है।
यह भी देखें – राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल ने जीती ऑल ओवर ट्रॉफी


