Nangal Chaudhary News: प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा धरातल स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लेने के लिए एसडीएम उदय सिंह ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सिरोही बहाली का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सबसे पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया। वहां उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और पढ़ाई के स्तर की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल के रिकॉर्ड, अध्यापकों की उपस्थिति और विद्यार्थियों की हाजिरी रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

विद्यालय के बाद एसडीएम उदय सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सिरोही बहाली का दौरा किया। अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले ओपीडी, दवा वितरण कक्ष और वार्डों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध जीवन रक्षक दवाइयों के स्टॉक, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति के रिकॉर्ड भी जांच की।
एसडीएम ने अस्पताल में मौजूद मरीजों से बातचीत कर वहां मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को समय पर उचित उपचार और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करें, ताकि आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का पूरा लाभ मिल सके। इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही व कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी देखें – राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल ने जीती ऑल ओवर ट्रॉफी


