Narnaul News: रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3011 के अंतर्गत रोटरी क्लब नारनौल सिटी एवं रोटरी क्लब नारनौल बेलाज के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार देर शाम दीपावली मिलन एवं सेलिब्रेशन कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. मनोज कुमार प्रेसिडेंट सिंघानिया यूनिवर्सिटी रहे। रोटरी क्लब प्रधान गोपाल मित्तल एवं सदस्यों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. मनोज कुमार ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोटरी क्लब का मूल मंत्र स्वयं से पहले समाज की सेवा करना है। रोशनी का यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने की प्रेरणा देता है और रोटरी क्लब द्वारा किया जा रहा सेवा कार्य समाज में उसी प्रकाश को फैलाने का कार्य है।
उन्होंने दोनों क्लबों की सराहना की। रोटरी क्लब नारनौल सिटी के प्रधान गोपाल मित्तल एवं रोटरी क्लब नारनौल बेलाज की प्रधान डॉ उषा यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि दीपावली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि खुशी, सकारात्मकता और एकजुटता का उत्सव है और हर वर्ष रोटरी क्लब अपने पूरे रोटरी परिवार के साथ इस त्यौहार की खुशियों को सांझा करता है। हमारा प्रयास है कि सभी सदस्य एक परिवार की तरह मिलकर त्योहारों को मनाएं और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएं।
इसके बाद क्लब के सदस्यों ने पंजाब से विशेष तौर पर पधारे ग्रुप के साथ पंजाबी गीतों पर भंगड़ा, डांस, मस्ती करते हुए दिवाली सेलिब्रेशन को उत्साह पूर्वक मनाया। महिलाओं ने विभिन्न गेम्स आदि में भी अपनी प्रतिभा दिखाई और लक्की ड्रॉ के विजेता बने। इस अवसर पर दीप सज्जा, आतिशबाजी, मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आपसी मेल-मिलाप ने समारोह में चार चाँद लगा दिए।
सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और मिठाइयाँ बांटी। कार्यक्रम में सचिव विवेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, बेलाज की सचिव गीतांजलि चौधरी व कोषाध्यक्ष महक शुक्ला सहित दोनों क्लबों के सभी रोटेरियन सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे।
यह भी देखें – नई अनाज मंडी में बाजरे की सरकारी खरीद के लिए ग्रामवार शेड्यूल जारी, 4 से 6 नवंबर तक इन गांवों के किसान ला सकेंगे फसल


