Karnal Crime: हरियाणा के करनाल जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में नीलोखेड़ी पुलिस चौकी की टीम ने जीटी रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक हुंडई कार से अंग्रेजी शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा है। कार की पिछली सीट से लेकर डिग्गी तक भूसे की तरह शराब की पेटियां ठूंसकर ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने मौके से तस्कर को गिरफ्तार कर वाहन और शराब को कब्जे में ले लिया है।
जीटी रोड पर चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा तस्कर
पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल के दिशा-निर्देशों के तहत जिलेभर में संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। थाना बुटाना के अंतर्गत आने वाली नीलोखेड़ी पुलिस चौकी के इंचार्ज उप निरीक्षक सुल्तान सिंह ने बताया कि 2 नवंबर को सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार अपनी टीम के साथ जीटी रोड पर गश्त कर रहे थे।
उसी दौरान आईटीसी कॉलोनी की तरफ से एक सफेद रंग की हुंडई कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने गाड़ी की गति धीमी करने की कोशिश की, जिस पर शक होने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया।
डिग्गी और सीटों पर भरी थी महंगी शराब, दस्तावेज नहीं दिखा पाया चालक
पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। कार की पिछली सीटों को हटाकर और डिग्गी में शराब की पेटियां भरी हुई थीं। जब चालक से इतने बड़े पैमाने पर शराब ले जाने का परमिट या लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसकी पहचान पवन उर्फ जीबू पुत्र अजमेर सिंह, निवासी आईटीसी कॉलोनी नीलोखेड़ी के रूप में हुई।
4 लाख रुपये है शराब की अनुमानित कीमत
कार से कुल 286 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इनमें सबसे ज्यादा 250 बोतलें महंगे ब्रांड ‘ब्लैक लेबल’ की हैं, इसके अलावा 24 बोतलें रॉयल स्टैग और 12 बोतलें रॉयल चैलेंज मार्का की शामिल हैं। पुलिस का अनुमान है कि ब्लैक लेबल की इतनी बड़ी खेप होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब चार लाख रुपये है। पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि यह अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था।
यह भी पढ़ें– Nuh News: आईफोन की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, नूंह में मचा हड़कंप


