Narnaul News: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव जी के दिशा-निर्देशन में नांगल चौधरी, नारनौल एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न मिठाई विक्रेताओं एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सात विभिन्न मिठाइयों के खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए, जिन्हें प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. अमित कुमार ने आमजन से अपील की कि त्योहारों के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। उपभोक्ता हमेशा साफ-सुथरे एवं विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, ताजगी एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं, हलवाइयों एवं खाद्य पदार्थों का निर्माण करने वाले सभी कारोबारियों से भी आह्वान किया कि वे अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी प्रकार की मिलावट न करें। खाद्य पदार्थों के निर्माण में अच्छी गुणवत्ता वाले कच्चे माल का प्रयोग करें तथा साफ-सफाई एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करें।
डॉ. अमित कुमार ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार की थाली में शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचे। खाद्य पदार्थों में मिलावट न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आमजन के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का सैंपलिंग एवं निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी देखें – नारनौल में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का विशेष जागरूकता अभियान, ‘पटाखों को कहें ना’ के संदेश के साथ शहर में लगाए गए होर्डिंग्स


