Narnaul News Update: नारनौल में ऑनलाइन टास्क पूरा कर घर बैठे कमाई का झांसा देकर अटेली मंडी निवासी एक व्यक्ति से 7 लाख 15 हजार रुपए ठगने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने एक और आरोपी को दबोच लिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राजस्थान के जोधपुर जिले के गांव अखथली निवासी कमलेश के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस पहले ही जोधपुर निवासी नवीन को भी अरेस्ट कर चुकी है।
डीएसपी डॉ. कविता ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि ठगी की रकम के लेनदेन और खातों की गहनता से जांच की जा रही थी। पहले गिरफ्तार आरोपी नवीन से पूछताछ के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कमलेश का नाम इस रैकेट में जुड़ा। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कमलेश ने अपना और नवीन दोनों का बैंक खाता साइबर ठगी करने वाले गिरोह को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की बड़ी रकम ट्रांसफर हुई थी।
इस संबंध में 12 सितंबर 2025 को साइबर थाना नारनौल में केस दर्ज किया गया था। पुलिस अब आरोपी कमलेश को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों और पैसों के ट्रेल का खुलासा किया जा सके। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता दूसरों को इस्तेमाल के लिए न दें और साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें।
यह भी देखें – हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, समकुलपति ने दिलाई शपथ

