July 23, 2026

Kaithal Firing News: कैथल में स्कॉर्पियो और थार सवारों का तांडव, युवक को घेरकर दागीं गोलियां, वीडियो बनता देख भागे

0
Kaithal Firing News: कैथल में स्कॉर्पियो और थार सवारों का तांडव, युवक को घेरकर दागीं गोलियां, वीडियो बनता देख भागे

चीका-गुहला रोड पर 6 गाड़ियों में आए बदमाशों ने की फायरिंग

Kaithal Firing News: हरियाणा के कैथल जिले में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुहला थाना इलाके के दुसेरपुर गांव के पास देर रात स्कॉर्पियो और थार गाड़ियों में सवार होकर आए दर्जनभर दबंगों ने एक युवक का रास्ता घेर लिया। आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने की नीयत से ताबड़तोड़ 4 हवाई फायर किए और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित जब अपनी सूझबूझ से आरोपियों का वीडियो बनाने लगा, तो बदमाश गाड़ियां भगाकर रफूचक्कर हो गए।

दफ्तर से घर लौट रहा था पीड़ित, शारदा स्कूल के पास घेरा

गुहला थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव खरकां निवासी गुरमेज सिंह राणा ने बताया कि वह बीते 21 जुलाई की रात करीब पौने 10 बजे गुहला रोड चीका स्थित अपने कार्यालय से कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी दुसेरपुर के पास दाबनखेड़ी रोड स्थित शारदा स्कूल के करीब पहुंची, तो वहां पहले से ही 4 स्कॉर्पियो और 2 थार गाड़ियां आड़ी-तिरछी खड़ी थीं।

गुरमेज के पहुंचते ही गाड़ियों में से निकले बदमाशों ने एक के बाद एक 4 हवाई फायर कर दिए, जिससे अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा। खतरा भांपते हुए पीड़ित ने अपनी कार को आगे निकालने की कोशिश की।

काली फिल्म लगी गाड़ियों से रोका रास्ता, पेट्रोल पंप तक पीछा

पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही उन्होंने अपनी कार आगे बढ़ाई, पीछे से आई एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी गाड़ी के आगे ब्रेक लगाकर रास्ता बंद करने का प्रयास किया। उस स्कॉर्पियो के शीशों पर गहरे काले रंग की फिल्म चढ़ी हुई थी, जिसकी वजह से भीतर बैठे हमलावरों की संख्या का अंदाजा नहीं लग सका।

खुद को घिरता देख गुरमेज ने समझदारी दिखाई और कार को पास ही स्थित सुल्तानिया पेट्रोल पंप की तरफ मोड़ दिया। तभी एक काले रंग की थार उनके ठीक पास आकर रुकी।

वीडियो बनता देख भागे बदमाश, पुलिस ने दर्ज किया केस

खतरे के बीच हिम्मत दिखाते हुए गुरमेज सिंह अपनी कार से नीचे उतरे और मोबाइल निकालकर बदमाशों की गाड़ियों और उनकी गतिविधियों का वीडियो रिकॉर्ड करने लगे। खुद को कैमरे में कैद होता देख आरोपी पकड़े जाने के डर से अपनी गाड़ियां लेकर तेजी से फरार हो गए, हालांकि जाते-जाते वे गुरमेज को जान से मारने की गंभीर धमकी दे गए।

घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की पुष्टि करते हुए गुहला थाना के जांच अधिकारी रणदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें– रोहतक में ब्लैकमेल कर महिला से दुष्कर्म, मना करने पर डंडे से फोड़ा सिर, केस दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed