Faridabad News: एनआईटी-5 थाने में खाकी दागदार, 2 हजार की रिश्वत लेते सिपाही पंकज को ACB ने रंगे हाथ दबोचा
एनआईटी-5 थाने में खाकी दागदार, 2 हजार की रिश्वत लेते सिपाही पंकज को ACB ने रंगे हाथ दबोचा
Faridabad News: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला एक नया मामला सामने आया है। एनआईटी-5 (NIT-5) पुलिस थाने में तैनात सिपाही पंकज को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी सिपाही एक नागरिक से कोर्ट नोटिस के जवाब और कानूनी कार्रवाई में मदद करने के नाम पर पैसों की सीधी मांग कर रहा था। एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय पुलिस स्टेशन और महकमे में हड़कंप मच गया है।
2020 के पुराने मामले से जुड़ा है पूरा घटनाक्रम
एसीबी अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता सौरभ ने ब्यूरो के पास पहुंचकर एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। सौरभ ने बताया कि वर्ष 2020 में एनआईटी थाने में दर्ज एक पुराने मुकदमे के सिलसिले में उसके चाचा के नाम कोर्ट से एक नोटिस जारी हुआ था।
इस नोटिस का कानूनी जवाब तैयार करवाने और मामले की फाइल में रियायत देने का झांसा देकर थाने में तैनात सिपाही पंकज उससे 2,000 रुपये की मांग पर अड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के सख्त खिलाफ था, इसलिए उसने तुरंत एसीबी की शरण ली।
एसीबी ने यूं बिछाया जाल और दबोचा सिपाही
शिकायत मिलते ही एसीबी की टीम ने सबसे पहले आरोपों का बारीकी से सत्यापन किया। जब सिपाही द्वारा घूस मांगे जाने की बात पूरी तरह पुख्ता हो गई, तो अधिकारियों ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचने के लिए एक सुनियोजित ‘ट्रैप’ तैयार किया। योजना के मुताबिक, शिकायतकर्ता सौरभ को कैमिकल लगे नोट देकर सिपाही पंकज के पास भेजा गया।
जैसे ही सिपाही ने 2,000 रुपये की रकम हाथ में ली, आसपास सादे कपड़ों में मुस्तैद खड़ी एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे मौके पर ही दबोच लिया। उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी की टीम ने आरोपी सिपाही पंकज को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहाँ से आगे की न्यायिक व कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में थाने के किसी अन्य कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं थी।
यह भी पढ़ें–Haryana News: दिल्ली छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरी JJP और कांग्रेस, हरियाणा के कई जिलों में भारी प्रदर्शन
