Delhi News: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से जुड़े फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट पर दिल्ली पुलिस की कड़ी नजर
फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट पर दिल्ली पुलिस की कड़ी नजर
Delhi News: दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन से जुड़ी फर्जी और भ्रामक पोस्टों की पहचान करने के लिए सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि लोगों में दहशत फैलाने और उन्हें गुमराह करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर कई झूठे दावे और भ्रामक बातें प्रसारित की जा रही हैं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी की मौत होने का दावा पूरी तरह फर्जी था। इसके अलावा, एक राजनीतिक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाया था कि सुरक्षाबल के जवान प्रदर्शनकारियों के खिलाफ रात में कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं, जबकि यह दावा भी भ्रामक था। डीसीपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए कुछ फर्जी पोस्ट पाकिस्तान से भी किए गए। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने प्रश्नपत्र लीक और परीक्षाओं से जुड़े अन्य अपराधों की जांच के लिए अपराध शाखा के तहत एक विशेष कार्यबल (एसटीएफ) का गठन किया है।
