WFH Viral Video: “भाई कम कमाता है फिर भी घर में इज्जत ज्यादा”, दिल्ली की महिला ने WFH का दर्द सुनाया तो वायरल हुआ वीडियो
घरवाले समझते हैं फ्री के पैसे मिल रहे हैं", वर्क फ्रॉम होम की कड़वी सच्चाई पर दिल्ली की युवती का मजेदार खुलासा
WFH Viral Video: लैपटॉप पर उंगलियां चटकाते और दिन-रात एक करते वर्क फ्रॉम होम (WFH) कर्मचारियों की असली व्यथा क्या है, इसे दिल्ली की हीना डोगरा ने इतने सहज और मजाकिया लहजे में सामने रखा है कि हर कोई खुद को इससे जोड़कर देख रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @heena.yaar नाम के हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में हीना ने बताया कि घर से काम करने वालों को परिवार के भीतर किस कदर कम इज्जत मिलती है।
वे तंज कसते हुए कहती हैं, “मेरा भाई सज-धज कर ऑफिस जाता है, मुझसे कम कमाता है, लेकिन घर में उसकी इज्जत किसी राजा जैसी है। और मैं? दिनभर घर पर रहकर काम करती हूं तो मुझे दिहाड़ी मजदूर से भी कम सम्मान मिलता है।”
सुबह 9 से रात 9 तक का काम, पर घरवालों को लगता है ‘आराम’
हीना ने वीडियो में बताया कि उनके भाई के काम के घंटे सुबह 9 से शाम 5 बजे तक तय हैं, जबकि उनका खुद का काम अक्सर सुबह 9 से रात के 9 बजे तक खिंच जाता है। इसके बावजूद परिवार वालों का रवैया ऐसा रहता है जैसे वे कोई काम ही न कर रही हों।
वे हंसते हुए कहती हैं, “घरवाले अक्सर पूछ बैठते हैं कि जब तुम दिनभर घर पर बैठी रहती हो, तो तुम्हें कंपनी किस बात के पैसे देती है? उन्हें लगता है कि मैं लैपटॉप पर थोड़ा-बहुत कुछ टाइप कर देती हूं और मुफ्त के पैसे खाते में आ जाते हैं।” कपड़ों का मज़ाक उड़ाते हुए उन्होंने कहा कि ऑफिस जाने वाले भाई के फॉर्मल्स के सामने वे अक्सर बेमेल पायजामे और टी-शर्ट में काम निपटाती रहती हैं।
“मीटिंग बाद में कर लेना, पहले मेहमानों को चाय-बिस्किट दो”
वर्क फ्रॉम होम करने वालों के लिए सबसे बड़ी चुनौती घर आए मेहमान होते हैं। हीना ने अपना दर्द साझा करते हुए कहा कि जैसे ही कोई रिश्तेदार या मेहमान घर आता है, घरवाले उम्मीद करते हैं कि काम छोड़ कर तुरंत रसोई में घुसा जाए और चाय-नाश्ता परोसा जाए।
अगर कोई कह दे कि ऑफिस की जरूरी मीटिंग है, तो जवाब मिलता है- “अरे, तुम तो घर से ही काम करती हो, मीटिंग बाद में कर लेना।” हीना कहती हैं कि उनके दोस्तों को भी लगता है कि WFH में बहुत मजे हैं, जबकि हकीकत यह है कि ऑफिस जाने वालों को कम से कम वहां से निकलने के बाद छुट्टी तो महसूस होती है, लेकिन घर पर काम करने वाले किसी बंधुआ मजदूर की तरह पिसते रहते हैं।
View this post on Instagram
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, यूजर्स ने दिए मजेदार कमेंट्स
हीना का यह अंदाज और उनकी बातें इंटरनेट पर इतनी सटीक बैठीं कि देखते ही देखते कमेंट सेक्शन में कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “वर्क फ्रॉम होम का मतलब है ऑफिस और घर दोनों जगह की मजदूरी।” दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “लैपटॉप खुला देखकर भी सबको लगता है कि हम संडे मना रहे हैं।
” वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “घर से काम करने वालों की सबसे बड़ी और जरूरी मीटिंग यही होती है कि मेहमानों को चाय कौन परोसेगा!” हीना का यह वीडियो अब उन लाखों लोगों की आवाज बन चुका है जो रोज़ लैपटॉप के आगे बैठकर घर और दफ्तर के बीच संतुलन बनाने की जद्दोजहद कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Turban Traveller: अपनी कार से नाप दिए 87 देश: 65 साल के ‘द टर्बन ट्रैवलर’ की अनोखी दास्तान, 200 देशों का है लक्ष्य
