Deol Family Controversy: धर्मेंद्र का वो आखिरी मैसेज जिसने देओल परिवार को बिखरने से बचाया, हेमा मालिनी ने बयां किया सच
धर्मेंद्र के जाने के बाद कैसा है देओल परिवार का रिश्ता?
Deol Family Controversy: भारतीय सिनेमा के युगपुरुष और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें और उनके सिखाए संस्कार आज भी देओल परिवार को एक सूत्र में पिरोए हुए हैं. बीते वर्ष 24 नवंबर को उनके जाने से पूरा देश स्तब्ध रह गया था. धर्मेंद्र के निधन के बाद से ही मीडिया और सोशल मीडिया पर यह कयास लगाए जा रहे थे कि अब देओल परिवार के दोनों धड़ों (प्रकाश कौर और हेमा मालिनी के परिवारों) के बीच दूरियां बढ़ सकती हैं. इन तमाम अफवाहों और गॉसिप्स पर अब खुद ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. एक बातचीत के दौरान हेमा ने धर्मेंद्र की उस आखिरी वसीयत या कहें कि उस अंतिम संदेश का खुलासा किया, जो वे जाते-जाते परिवार के नाम छोड़ गए थे.
‘हम सिर्फ पब्लिसिटी के लिए दिखावा नहीं करते’; बॉबी देओल संग रिश्तों पर खुलकर बोलीं ‘ड्रीम गर्ल’
हेमा मालिनी ने बताया कि धर्मेंद्र अपनी निजी जिंदगी को हमेशा लाइमलाइट और कैमरों की चकाचौंध से दूर रखना पसंद करते थे. उन्होंने धर्मेंद्र के शब्दों को याद करते हुए कहा कि धरम जी ने उनसे साफ तौर पर कहा था कि जिंदगी में चाहे कितनी भी व्यस्तता हो या परिस्थितियां जैसी भी हों, परिवार को हमेशा पहले पायदान पर रखना है और सबको साथ लेकर चलना है.
रिश्तों की कड़वाहट पर जवाब: जब हेमा से सनी और बॉबी देओल के साथ उनके रिश्तों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने बेहद गरिमामय अंदाज में कहा, “बॉबी बहुत प्यारा और अच्छा लड़का है. हम सब हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े हैं. अंतर बस इतना है कि हम अपनी बॉन्डिंग का दुनिया के सामने ढिंढोरा नहीं पीटते और न ही सोशल मीडिया पर पब्लिसिटी के लिए दिखावा करते हैं. हमारे बीच एक रूहानी और अंदरूनी जुड़ाव है, और हम एक खुशहाल परिवार हैं.”
‘हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस’ के टैग पर हैरान हुईं हेमा— “किसने कहा मुझे मोटी रकम मिलती थी?”
इस इंटरव्यू के दौरान हेमा मालिनी ने अपने दौर के उस मिथक को भी तोड़ा जिसमें उन्हें अपने समय की सबसे महंगी अभिनेत्री (हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस) कहा जाता था. जब एंकर ने उनसे इस रुतबे को लेकर सवाल किया, तो हेमा हंस पड़ीं और उन्होंने तपाक से कहा, “किसने कह दिया यह बात? हमें तो फिल्मों के लिए बेहद मामूली और कम रकम मिलती थी.” हेमा ने साफ किया कि उनके दौर में आज की तरह करोड़ों के कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ करते थे. उन्होंने जीवन में कभी भी पैसों की चमक देखकर फिल्में साइन नहीं कीं, बल्कि उनका पूरा ध्यान सिर्फ बेहतरीन अभिनय, अच्छी स्क्रिप्ट और कला पर केंद्रित रहता था.
