July 23, 2026

Guru Ravidas Jayanti: भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर मनाएगी संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती, 29 जुलाई से शुरू होगा ‘समरस संकल्प अभियान’

0
Guru Ravidas Jayanti: भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर मनाएगी संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती, 29 जुलाई से शुरू होगा 'समरस संकल्प अभियान'

संत रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बना 'समरस संकल्प' रोडमैप

Guru Ravidas Jayanti: सामाजिक समरसता और समानता के ध्वजवाहक संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रीय स्तर पर भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने जा रही है। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए गुरु जी के विचारों और शिक्षाओं को हर वर्ग तक पहुंचाने की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना चौहान रायसन ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से लेकर 22 फरवरी 2027 (गुरु रविदास जयंती) तक देशव्यापी ‘समरस संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है।

शोभायात्राओं और दीप महोत्सव से गुंजायमान होगा देश

मीना चौहान ने बताया कि इस लंबी अवधि के दौरान पूरे देश में गांव और शहर स्तर पर शोभायात्राएं, विचार गोष्ठियां, भजन-कीर्तन, दीप महोत्सव, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का मुख्य ध्येय गुरु रविदास जी के ‘ऐसा चाहूं राज में, जहां मिले सबन को अन्न’ और सामाजिक समानता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

नई दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यशाला, केंद्रीय नेतृत्व ने दिया मार्गदर्शन

आयोजन की तैयारियों और रणनीति को लेकर नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय में ‘समरस संकल्प अभियान’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस उच्चस्तरीय बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग, दुष्यंत गौतम, भोला सिंह और शिव प्रकाश जैसे दिग्गज नेताओं ने मार्गदर्शन दिया।

हरियाणा प्रदेश की ओर से इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में प्रदेश के मंत्री कृष्ण बेदी, पूर्व विधायक एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्य प्रकाश जरावता, अशोक कटारिया तथा स्वयं मीना चौहान रायसन ने सहभागिता की।

“हमारे लिए गौरव का क्षण”

कार्यशाला से लौटने के बाद मीना चौहान रायसन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के इस महान अभियान से जुड़ना और इसकी जिम्मेदारी मिलना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य व गौरव का विषय है। उन्होंने भरोसा जताया कि वह पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ हरियाणा सहित पूरे क्षेत्र में इस अभियान को सफल बनाने के लिए काम करेंगी, ताकि गुरु रविदास जी के आदर्शों और सामाजिक समरसता की भावना को नई मजबूती मिल सके।

यह भी पढ़ें– : 818वें बादली बलिदान दिवस को लेकर नीलोखेड़ी में जनसंपर्क तेज, 2 अगस्त को छिछड़ाना मंडी में जुटेगा समाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed