July 8, 2026

Karnal News: करनाल में रिश्तों का कत्ल, बेटे ने पिता को डंडे से उतारा मौत के घाट

0
Karnal News: करनाल में रिश्तों का कत्ल, बेटे ने पिता को डंडे से उतारा मौत के घाट

मां को पिटता देख बेटे ने पिता के सिर पर दे मारा डंडा

Karnal News: करनाल के कुटेल गांव से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक घर में रोज-रोज होने वाले क्लेश का ऐसा खौफनाक अंत हुआ कि एक बेटे ने गुस्से में आकर अपने ही जन्मदाता की बेरहमी से हत्या कर दी।

बताया जा रहा है कि पिता की शराब की लत और आए दिन होने वाले घरेलू झगड़ों से पूरा परिवार त्रस्त हो चुका था। बीती रात भी घर में इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि बेटे ने आव देखा न ताव, पिता के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

शराब पीकर अक्सर करता था पत्नी-बच्चों से मारपीट

मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुबन थाना प्रभारी और जांच अधिकारी लखबीर सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती तफ्तीश और मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर पुलिस ने बताया कि मृतक व्यक्ति गंभीर रूप से शराब पीने का आदी था। वह हर दिन नशे में धुत होकर घर आता और पत्नी व बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट और गाली-गलौज करता था।

घटना वाले दिन भी वह सीमा पार कर चुका था और परिवार पर जानलेवा हमला कर रहा था। मां को पिटता देख बेटे ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चला गया तो उसने पास ही पड़ा डंडा पिता के सिर पर दे मारा।

पिता को मरा देख घबराया बेटा, खुद ही लेकर भागा अस्पताल

इस पूरी वारदात में एक हैरान करने वाला मोड़ तब आया जब पिता को लहूलुहान हालत में जमीन पर गिरता देख आरोपी बेटा बुरी तरह सहम गया। अपनी गलती का अहसास होते ही उसने तुरंत एक निजी कार का इंतजाम किया और दम तोड़ रहे पिता को आनन-फानन में करनाल के ट्रॉमा सेंटर लेकर भागा।

हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस कंट्रोल रूम को जैसे ही इस संदिग्ध मौत की सूचना दी गई, मधुबन पुलिस तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंची और मामले की कड़ियां जोड़ीं।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की उम्र का पता लगा रही टीम

थाना प्रभारी लखबीर सिंह के मुताबिक, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी और आस-पड़ोस के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के असली कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सके।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि हत्या के आरोपी बेटे की सटीक उम्र का पता लगाने के लिए उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है।

यह भी पढ़ें– Hisar News: हिसार में 5 बच्चों का बाप प्रेमिका संग फरार, ई-रिक्शा चालक पत्नी काट रही थानों के चक्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed