August 1, 2026

Kuldeep Bishnoi Kurukshetra: कुरुक्षेत्र में कुलदीप बिश्नोई का ‘स्नेह मिलन , बिना मंच-माइक के समर्थकों के बीच दिखाया सियासी रसूख

0
Kuldeep Bishnoi Kurukshetra: कुरुक्षेत्र में कुलदीप बिश्नोई का 'स्नेह मिलन , बिना मंच-माइक के समर्थकों के बीच दिखाया सियासी रसूख

न झंडा, न माइक; कुरुक्षेत्र में कुलदीप बिश्नोई ने समर्थकों संग खिंचवाई सेल्फी, दिखाया राजनीतिक रसूख

Kuldeep Bishnoi Kurukshetra: हरियाणा की राजनीति में अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाने वाले पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र की धरा से अपनी सियासी जमीन की मजबूती का अहसास कराया। ‘कार्यकर्ता स्नेह मिलन’ के नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। सिरसा और पानीपत में मिली सफलता के बाद बिश्नोई का यह तीसरा बड़ा आयोजन था। इस दौरान बिना किसी औपचारिक मंच और भाषणबाजी के बिश्नोई ने अपने पुराने समर्थकों के बीच जाकर सीधे संवाद की नई परिपाटी कायम की।

न भाजपा का झंडा, न बड़े नेता; फिर भी उमड़ी समर्थकों की भीड़

कुरुक्षेत्र में हुए इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि पूरे परिसर में कहीं भी न तो भारतीय जनता पार्टी के झंडे-बैनर नजर आए और न ही मंच पर पार्टी का कोई बड़ा चेहरा मौजूद था। जब मीडिया ने इस बाबत सवाल दागा तो कुलदीप बिश्नोई ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा, “इन सब बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। अगर मैं यहां खड़ा हूं और मेरे साथ रणधीर पणिहार खड़े हैं, तो आप मानकर चलिए कि भाजपा यहीं मौजूद है। यह झंडों का नहीं, बल्कि दिलों का और आत्मिक जुड़ाव का मामला है।”

कार्यक्रम में माइक की व्यवस्था न होने पर उन्होंने कहा कि वे यहां कोई राजनीतिक भाषण देने नहीं आए थे। उनका मकसद अपने साथियों के बीच जाना, उनसे हाथ मिलाना और हालचाल जानना था। उन्होंने कहा कि मंच से नेता अक्सर अपनी बात कहकर चले जाते हैं, लेकिन असली जुड़ाव तभी बनता है जब आप लोगों से आमने-सामने आंखें मिलाकर बात करते हैं।

“भाजपा में मन लग रहा है?” सवाल पर बिश्नोई की रहस्यमयी मुस्कान

पत्रकारों ने जब उनसे सीधा सवाल किया कि क्या भाजपा में उनका मन पूरी तरह से लग रहा है, तो बिश्नोई ने कोई सीधा जवाब देने के बजाय एक रहस्यमयी मुस्कान बिखेरी और कहा, “उनसे ही पूछो आप।” वहीं, समर्थकों द्वारा लगाए जा रहे ‘भावी सीएम’ के नारों पर उन्होंने बेहद नपे-तुले शब्दों में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कार्यकर्ताओं का प्यार और उनकी भावनाएं हैं। उनका मुख्य काम सिर्फ जनता और अपने समर्थकों की सेवा करना है।

बिश्नोई ने कहा, “राजनीति के इस दौर में ऐसे साथी मिलना बेहद मुश्किल होता है जो हर संघर्ष, हर उतार-चढ़ाव और हर परिस्थिति में आपके साथ चट्टान की तरह खड़े रहें। मेरे पुराने साथियों का यही स्नेह मेरी सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है।”

हरियाणा के बाद अब राजस्थान और पंजाब पर नजर

अपनी भावी राजनीतिक रणनीति का खुलासा करते हुए कुलदीप बिश्नोई ने बताया कि हरियाणा के विभिन्न जिलों में स्नेह मिलन के इस सिलसिले को पूरा करने के बाद वे राजस्थान समेत पड़ोसी राज्यों का रुख करेंगे। वहां भी अपने समर्थकों और बिश्नोई समाज के लोगों से सीधे जुड़ने के लिए ऐसे ही आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई है।

पंजाब के आगामी राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। पार्टी वहां अपनी सरकार बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखकर संगठन को धार दे रही है। बिश्नोई ने कहा कि वे खुद पंजाब के चुनावी समर में उतरेंगे और पार्टी की सरकार बनवाकर ही दम लेंगे।

यह भी पढ़ें– जाम्बा के सरकारी स्कूल में मनाया गया वन महोत्सव, कर्म सिंह जाम्बा ने रोपी त्रिवेणी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed