Narnaul Antyodaya Mela: नारनौल में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला, 19 विभागों के लगेंगे स्टॉल, 3 हजार की हुई प्री-काउंसलिंग
एसडीएम अनिरुद्ध यादव की देखरेख में नारनौल में अंत्योदय मेला, 3000 से अधिक पात्रों को दिया गया मार्गदर्शन
Narnaul Antyodaya Mela: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ‘अंत्योदय’ सोच को अमलीजामा पहनाने के लिए जिला प्रशासन नारनौल पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है।
समाज के सबसे जरूरतमंद और कमजोर तबके को सीधे स्वरोजगार व सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के मकसद से 26 जुलाई को नारनौल स्थित सभागार में ‘मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला’ आयोजित किया जा रहा है। नारनौल विधानसभा क्षेत्र के लिए आयोजित इस विशेष मेले की तमाम प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भ्रम दूर करने के लिए 3 हजार से अधिक लोगों की हुई ‘प्री-काउंसलिंग’
मेले के दिन किसी तरह की अव्यवस्था न हो और पात्र लोगों को भटकना न पड़े, इसके लिए प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है। मेले के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने बताया कि बीते एक सप्ताह से जिला प्रशासन द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नारनौल क्षेत्र के 3,000 से अधिक पात्र लाभार्थियों की पहले ही ‘प्री-काउंसलिंग’ कराई जा चुकी है।
टीमों ने घर-घर और क्लस्टर स्तर पर जाकर लोगों से सीधा संवाद साधा और उन्हें उनकी योग्यता व रुचि के अनुसार विभिन्न विभागों की स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी, ताकि वे मेले में सीधे अपनी पसंद की योजना के लिए आवेदन कर सकें।
एक ही छत के नीचे जुटेंगे 19 सरकारी विभाग
एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने स्पष्ट किया कि मेले में आने वाले नागरिकों को कागजी औपचारिकताओं या फॉर्म भरने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करेंगे। इस मेले में राज्य सरकार के 19 प्रमुख विभाग एक ही छत के नीचे मौजूद रहेंगे।
इनमें पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा डेयरी विकास प्रसंघ, महिला विकास निगम, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम, कौशल विकास निगम, मत्स्य पालन, उद्यान विभाग, रोजगार विभाग, रेडक्रॉस, एमएसएमई (MSME) निदेशालय और सीएससी (CSC) सेंटर शामिल हैं। सभी विभागाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे 26 जुलाई की सुबह 9 बजे से पहले अपने स्टॉल लगाकर तैनात हो जाएं।
यह भी पढ़ें– Narnaul News: महेंद्रगढ़ के नारनौल में दर्दनाक रेल हादसा, तड़के मालगाड़ी की चपेट में आया 30 वर्षीय युवक
