July 28, 2026

Panipat News: बुआना लाखू में 15 दिन पुरानी रंजिश का बदला, नुकीले हथियारों से दो युवकों को किया लहूलुहान

0
Panipat News: बुआना लाखू में 15 दिन पुरानी रंजिश का बदला, नुकीले हथियारों से दो युवकों को किया लहूलुहान

बुआना लाखू में 15 दिन पुरानी रंजिश का बदला, नुकीले हथियारों से दो युवकों को किया लहूलुहान

Panipat News: जिले के इसराना थाना क्षेत्र अंतर्गत बुआना लाखू गांव से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां महज शराब पीने से रोकने की छोटी सी बात को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। जब गांव के दो दोस्त तड़के अपने खेत में पानी देने जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी रंजिश में अंधे हुए गांव के ही दो युवकों ने उन पर डंडों और नुकीले हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

इस खूनी हमले में दोनों युवक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में परिजनों ने घायलों को पानीपत के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित की लिखित शिकायत पर इसराना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

15 दिन पुरानी कहासुनी बनी हमले की वजह

पीड़ित दीपक ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है और उसके घर से थोड़ी दूरी पर उसकी बैठक बनी हुई है। करीब 15 दिन पहले सोनीपत के गोरड़ गांव से उसकी बुआ का लड़का रोहित उससे मिलने आया था। उसी दौरान गांव के ही विनोद और सुमित उसकी बैठक में आकर शराब पीने लगे।

रोहित ने जब दोनों को बैठक में शराब न पीने की नसीहत दी, तो वे आगबबूला हो गए और तीखी बहस करने लगे। जाते-जाते दोनों आरोपियों ने उन्हें अंजाम भुगतने की खुली धमकी दी थी। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह कहासुनी इतने खतरनाक मोड़ पर पहुंच जाएगी।

तड़के 3 बजे बैठक में घुसे आरोपी, अंधाधुंध बरसाए लट्ठ

24 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे जब पीड़ित दीपक और उसका दोस्त सुमित खेत में पानी देने जाने के लिए अपनी बैठक में बैठे हुए थे, तभी घात लगाए बैठे आरोपी विनोद और सुमित अचानक हाथों में डंडे और नुकीली चीजें लेकर अंदर घुस आए।

बिना संभलने का मौका दिए आरोपियों ने दोनों दोस्तों पर अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि विनोद के पास एक ऐसा डंडा था जिसके आगे कोई पैना नुकीला हथियार लगा हुआ था, जबकि दूसरे सुमित के हाथ में भारी लट्ठ था। इस हमले में दीपक के सिर, आंख, बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव आए हैं, वहीं उसके साथी सुमित को भी गंभीर चोटें लगी हैं।

अस्पताल में जिंदगी से जंग लड़ रहे घायल, आरोपियों पर पहले भी केस दर्ज

हमले के दौरान किसी तरह जान बचाकर भागा दीपक घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन दोनों लहूलुहान युवकों को तुरंत इलाज के लिए पानीपत लेकर भागे। अस्पताल से ही पीड़ित परिवार ने इसराना थाने में लिखित शिकायत भिजवाई।

स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों के मुताबिक, हमलावर मिजाज से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उन पर पहले भी हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) का केस दर्ज है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि रंजिश के तहत जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

यह भी पढ़ें– Sonam Wangchuk: मेदांता से आज सोनम वांगचुक को मिल सकती है छुट्टी, जानिए कैसी है सेहत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed