July 31, 2026

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय, जयपुर समेत कई जिलों में बारिश, आज के लिए ऑरेंज अलर्ट

0
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय, जयपुर समेत कई जिलों में बारिश, आज के लिए ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी से बने डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। चूरू के सरदारशहर में सुबह करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से बाजारों में पानी भर गया, जबकि सवाई माधोपुर में झरनों में पानी का बहाव बढ़ गया। मौसम विभाग ने आज 11 जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जयपुर, दौसा, प्रतापगढ़, अलवर समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी, जिससे कई जिलों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

 

डिप्रेशन सिस्टम का असर, अगले 5-6 दिन सक्रिय रहेगा मानसून

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना डीप डिप्रेशन अब कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है। वर्तमान में यह उत्तरी ओडिशा, दक्षिणी झारखंड और उससे सटे छत्तीसगढ़ क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले 5 से 6 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा।

 

आज 11 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा 31 जुलाई और 1 अगस्त को भी कई जिलों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रतापगढ़ जिले में सबसे अधिक 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दौसा के बांदीकुई में 36 मिमी और बैजूपाड़ा में 23 मिमी वर्षा दर्ज हुई। अलवर के टहला में 20 मिमी और मालाखेड़ा में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बारां, भीलवाड़ा, भरतपुर, धौलपुर, झालावाड़, कोटा, टोंक और सवाई माधोपुर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

 

चूरू में जलभराव, सवाई माधोपुर में झरनों का बढ़ा बहाव

चूरू जिले के सरदारशहर में सुबह हुई तेज बारिश के बाद मुख्य बाजारों में पानी भर गया। कई दुकानों के सामने जलभराव होने से लोगों और व्यापारियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सवाई माधोपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में झरनों का बहाव तेज हो गया, जिससे आसपास के प्राकृतिक स्थलों पर पानी की मात्रा बढ़ गई। प्रशासन स्थानीय स्तर पर हालात पर नजर बनाए हुए है।

 

श्रीगंगानगर में गर्मी और उमस बरकरार

बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस का असर अभी भी बना हुआ है। बुधवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने के साथ तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed