Palwal News: हरियाणा के पलवल जिले में केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के रफ्तार का कहर देखने को मिला। राजस्थान में धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद मथुरा के वृंदावन की ओर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टाटा पिकअप गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से बेहद तेज रफ्तार में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।
इस दर्दनाक हादसे में तीन महिलाओं समेत 6 लोगों की जान चली गई। वहीं गाड़ी में सवार 14 अन्य लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
लोहे के जाल से बनाई गई थी ‘डबल डेकर’ पिकअप, चीख-पुकार के बीच निकाला गया बाहर
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के गांव किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के करीब 21 ग्रामीण धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे। यात्रा के लिए टाटा पिकअप में लोहे के सरिए और जाल वेल्ड करवाकर उसे ‘डबल डेकर’ (दो मंजिला) बना रखा था। इससे गाड़ी की ऊंचाई काफी बढ़ गई थी और उसमें क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे।
जैसे ही तड़के पलवल सीमा में केएमपी पर पिकअप की ट्रक से भिड़ंत हुई, ऊपर के हिस्से में बैठे श्रद्धालु नीचे आ गिरे और नीचे बैठे लोग एक-दूसरे के नीचे दब गए। भीषण टक्कर से पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे में विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश की मौत हो गई। वहीं सुनील, श्वेता, बीरेश समेत 14 लोग अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
मैनपुरी के परिवारों में पसरा मातम, पुलिस को चालक के सोने की आशंका
हादसे की खबर जैसे ही उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में स्थित पीड़ितों के गांवों में पहुंची, वहां कोहराम मच गया। मैनपुरी से पलवल पहुंचे परिजनों ने बताया कि परिवार के लोग खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन के बाद वृंदावन जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही खुशियां मातम में बदल गईं। एक ही कुनबे के कई चिराग बुझने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
उधर, घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक और पिकअप चालक सुधीर दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सभी 6 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि लगातार कई घंटों के लंबे सफर और थकान के चलते पिकअप चालक को तड़के नींद की झपकी आ गई होगी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें– आज पटल पर रखे जाएंगे 11 बड़े बिल, संविदा प्राध्यापकों के मुद्दे पर हंगामे के आसार

