September 3, 2026

Panipat News: पानीपत में बीजेपी पार्षद के घर पर 40 बदमाशों का हमला, अंधाधुंध फायरिंग से दहला इलाका

0
Panipat News: पानीपत में बीजेपी पार्षद के घर पर 40 बदमाशों का हमला, अंधाधुंध फायरिंग से दहला इलाका

पानीपत में बीजेपी पार्षद के घर पर 40 बदमाशों का हमला, अंधाधुंध फायरिंग से दहला इलाका

Panipat News: पानीपत के तहसील कैंप थाना क्षेत्र के तहत आने वाली मोती राम कॉलोनी (नूरवाला) में गुरुवार रात कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बदमाशों ने भारी उपद्रव मचाया। वार्ड नंबर 6 से बीजेपी की पार्षद कोमल पांचाल के ससुर ईशम सिंह पांचाल के घर पर करीब 30 से 40 हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोल दिया।

बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की, घर के बाहर बैठे बुजुर्ग ईशम सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की और बाहर खड़ी कई गाड़ियों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

रास्ता रोकने की मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत में पार्षद के देवर लखन पांचाल ने पूरी आपबीती बताई है। लखन के मुताबिक, 2 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने चाचा जोनी के साथ बाइक से हरिसिंह चौक से लौट रहा था। रास्ते में लव पंडित, उसका भाई चिनू पंडित, अमन पंडित और 4-5 अन्य युवक गली के बीचों-बीच अपनी मोटरसाइकिलें खड़ी कर रास्ता रोके हुए थे।

जब लखन ने उन्हें साइड हटने को कहा, तो आरोपियों ने कहासुनी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उस वक्त तो आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन जाते-जाते लव पंडित गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दे गया।

लाठी-डंडे और अवैध हथियारों से लैस होकर पहुंचे हमलावर

घटना के कुछ ही देर बाद जब लखन अपने घर के पास चौक पर खड़ा था, तभी लव पंडित अपने दर्जनों साथियों के साथ आ धमका। लखन के अनुसार, हमलावरों में चिनू पंडित, पाला जोगी का पोता, कादिर राणा और सौरभ के हाथों में अवैध असलहे थे, जबकि बाकी आरोपी लाठी-डंडे, गंडासी और धारदार हथियारों से लैस थे।

आरोपियों ने लखन को देखते ही जान से मारने की नीयत से सीधी फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही लखन जान बचाने के लिए घर की तरफ भागा।

ससुर को पीटा, गाड़ियों के उड़ाए परखच्चे

लखन तो किसी तरह भागकर मकान के भीतर घुस गया, लेकिन दरवाजे पर बैठे उसके पिता ईशम सिंह पांचाल हमलावरों के हत्थे चढ़ गए। उपद्रवियों ने ईशम सिंह पर हमला बोलकर उन्हें बुरी तरह पीटा, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

इसके बाद हमलावरों ने अपना गुस्सा घर के बाहर खड़ी गाड़ियों पर निकाला। परिवार की स्विफ्ट कार, वेन्यू कार और कई मोटरसाइकिलों में जमकर तोड़फोड़ की गई। फायरिंग और तोड़फोड़ के दौरान पास का ही एक युवक प्रिंस भी गोली लगने से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

मौके से मिले जिंदा कारतूस और खोल, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही तहसील कैंप थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से 2 जिंदा कारतूस, 1 चला हुआ खाली खोल और एक छर्रा बरामद कर सील कर दिया है। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

“पीड़ित परिवार की शिकायत पर लव पंडित, चिनू पंडित, कादिर राणा, दीपक बादशाह और राहुल बाबा समेत 15 से अधिक नामजद और करीब 30 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।”
— जांच अधिकारी, तहसील कैंप थाना, पानीपत

यह भी पढ़ें– Narnaul News: नारनौल बाबा रामेश्वरदास मंदिर से प्राचीन आदमकद प्रतिमा गायब, श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर बंद किए गेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed