Pehowa Python News: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के पिहोवा इलाके में शनिवार की शाम एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए। बस स्टैंड के पास स्थित अशोक जूस कॉर्नर पर रोज की तरह ग्राहकों की चहल-पहल थी। इसी दौरान गढ़ी सिंघा गांव का रहने वाला मनजीत सिंह दुकान पर जूस पीने पहुंचा। वह दुकान के अंदर खड़ा ही हुआ था कि अचानक उसे अपने पैर के नीचे किसी बेहद नरम और वजनी चीज़ के दबने का अहसास हुआ।
मनजीत अभी कुछ समझ पाता कि बाहर खड़े एक राहगीर की नजर नीचे पड़ी और उसने चिल्लाकर बताया कि पैर के ठीक नीचे सांप है। यह सुनते ही मनजीत के होश उड़ गए और उसने बदहवासी में तुरंत पैर पीछे खींचा।
10 किलो वजनी अजगर देख मचा हड़कंप, कोने में बने बिल में घुसा
राहगीर ने फौरन दुकान मालिक अशोक को आवाज लगाई कि दुकान के भीतर विशालकाय सांप घुस आया है। दुकानदार और वहां मौजूद लोगों ने जब ध्यान से देखा तो सबके हाथ-पांव फूल गए। दुकान के अंदर कोई आम सांप नहीं, बल्कि करीब 6 फीट लंबा और 10 किलो वजनी विशाल अजगर रेंग रहा था।
अजगर को देखते ही दुकान में मौजूद ग्राहकों में भगदड़ मच गई। इधर लोगों का शोर सुनकर अजगर भी घबरा गया और बचने के लिए दुकान के पिछले कोने में बने एक बिल के अंदर घुसने लगा।
पौने घंटे चला रेस्क्यू: वर्करों ने बिल खोदकर कपड़े से काबू किया अजगर
हैरानी की बात यह रही कि दुकानदार या वर्करों ने वन विभाग या किसी पेशेवर स्नेक कैचर को फोन करने के बजाय खुद ही अजगर को पकड़ने का फैसला लिया। वर्करों ने पहले तो अजगर को पूंछ से पकड़कर बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन शरीर का बड़ा हिस्सा बिल के अंदर होने की वजह से अजगर बाहर नहीं निकला।
आखिरकार वर्करों को कुदाल और औजारों से बिल के आसपास की जगह खोदनी पड़ी। करीब पौने घंटे तक चले कड़ी मशक्कत और हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अजगर को बिल से बाहर निकाला गया। इसके बाद वर्करों ने उसके मुंह पर कपड़ा डालकर बड़ी होशियारी से उसे काबू में किया। बाद में अजगर को दुकान से दूर ड्रेन की पटरी के पास सुरक्षित छोड़ दिया गया। गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में सुबह-शाम बढ़ी ठंड और छाएगी धुंध, जानिए अपने जिले का मौसम

