Kurukshetra Road Accident: कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में हिनौरी रोड स्थित सब्जी मंडी के पास तड़के एक अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की अकाल मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बदरपुर निवासी सोनू उर्फ पंजाबी के रूप में हुई है, जो पेशे से ईंट पाथने की मजदूरी करता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू शनिवार सुबह करीब 5 बजे रोजमर्रा की तरह सब्जी खरीदने के लिए घर से निकला था। जब दो घंटे बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे एक जानकार ने सब्जी मंडी के पास सड़क किनारे सोनू को लहु-लुहान हालत में पड़ा देखा और तुरंत उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन जब तक पहुंचे, तब तक सोनू दम तोड़ चुका था।
15 साल पहले पटियाला से आया था परिवार, मजदूरी कर चलाता था घर
मृतक के बड़े भाई इंद्रपाल ने रोते-बिलखते बताया कि उनका परिवार मूल रूप से पंजाब के पटियाला जिले का रहने वाला है। करीब 15 साल पहले पूरा परिवार रोजी-रोटी की तलाश में लाडवा के बदरपुर गांव आ बसा था और यहीं अपना मकान बनाकर रहने लगा था। सोनू तीन भाइयों में सबसे छोटा था और ईंट भट्ठे पर मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करने में मदद करता था।
इंद्रपाल ने बताया कि उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ पहले भी टूट चुका है। करीब 10 साल पहले उनके एक और भाई बग्गे की असमय मौत हो गई थी। अब सबसे छोटे भाई सोनू की इस तरह अचानक हादसे में जान चले जाने से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की अज्ञात वाहन की तलाश, बयानों के आधार पर होगी कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही लाडवा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क पार करते समय या किनारे चलते वक्त किसी भारी या तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सोनू को सीधी टक्कर मारी और कुचलते हुए निकल गया।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बारिश थमते ही बढ़ी सुबह-शाम की ठिठुरन, नारनौल में 13 डिग्री पहुंचा न्यूनतम पारा

