Pehowa Road Accident News: कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। कैथल-पिहोवा मुख्य मार्ग पर गांव असमानपुर के पास शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक सवार किशोर अपने काम पर पिहोवा आ रहा था, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को कुचल दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के गांव रुआं में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने माता-पिता का अकेला बेटा था और चार बहनों का इकलौता सहारा था।
ओवरटेक कर ट्रक चालक ने मारे इमरजेंसी ब्रेक, नीचे घुसी बाइक
घटनाक्रम के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के चचेरे भाई गुरदीप सिंह निवासी रुआं ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उसका 17 वर्षीय चचेरा भाई सन्नी अपनी बाइक से पिहोवा जाने के लिए निकला था। सन्नी पिहोवा में बाइक रिपेयरिंग (मैकेनिक) का काम सीखता था और गुरदीप को भी किसी काम से पिहोवा ही जाना था।
सुबह करीब 9:30 बजे जब वे दोनों कैथल-पिहोवा रोड पर असमानपुर गांव स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (HR37D-2103) ने सन्नी की बाइक को ओवरटेक किया। आरोप है कि ओवरटेक करते ही ट्रक ड्राइवर ने बिना कोई इशारा दिए अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण सन्नी जब तक संभल पाता, उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टायर चढ़ने से पेट और कमर में आई गंभीर चोटें, चालक ट्रक छोड़ भागा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सन्नी बाइक समेत नीचे गिर गया और ट्रक का भारी-भरकम टायर उसके पैर, पेट और कमर को रौंदता हुआ निकल गया। मौके पर मौजूद गुरदीप और राहगीरों ने तुरंत शोर मचाया। हादसे के बाद चालक नीचे उतरा, लेकिन मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुटती देख वह अपना ट्रक वहीं छोड़कर रफूचक्कर हो गया।
गुरदीप ने बताया कि चालक भले ही भाग निकला हो, लेकिन सामने आने पर उसकी पहचान आसानी से की जा सकती है। राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में सन्नी को तुरंत पिहोवा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
चंडीगढ़ ले जाते वक्त बिगड़ी हालत, अंबाला के अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
पिहोवा के अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने सन्नी की बेहद नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। परिजन एम्बुलेंस के जरिए उसे चंडीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ने लगी और उसकी सांसें उखड़ने लगीं।
स्थिति बिगड़ती देख परिजन उसे आनन-फानन में अंबाला के सादोपुर स्थित अस्पताल ले गए, लेकिन वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की।
थाना सदर पिहोवा पुलिस ने शिकायतकर्ता गुरदीप के बयानों के आधार पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें– किसान ध्यान दें, गेहूं में कब और कितना डालें जिंक? 1 एकड़ के लिए ये है सही डोज

