Kurukshetra News: पवन शर्मा,ज्योतिसर। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र और आसपास के नहरों में डूबते लोगों की जान बचाने वाले प्रसिद्ध गोताखोर प्रगट सिंह के परिवार के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। अब आर्थिक तंगी के चलते उनकी चारों बेटियों की शिक्षा में कोई रुकावट नहीं आएगी। कुरुक्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सांसद नवीन जिन्दल ने प्रगट सिंह की बेटियों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का फैसला किया है। ‘नवीन जिन्दल यशस्वी छात्रवृत्ति योजना’ के तहत मंगलवार को जिन्दल हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने प्रगट सिंह को बेटियों की स्कूली फीस का चेक सौंपा।
मुलाकात के बाद सांसद ने तुरंत मंजूर की आर्थिक सहायता
संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बीते दिनों गोताखोर प्रगट सिंह ने सांसद नवीन जिन्दल से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने नहरों में डूबने वालों को बचाने और शवों को बाहर निकालने जैसे अपने जोखिम भरे सामाजिक कार्यों से सांसद को अवगत कराया था। प्रगट सिंह ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बेटियों की शिक्षा जारी रखने में आ रही कठिनाइयों का जिक्र कर सहायता की गुहार लगाई थी। सांसद जिन्दल ने बिना किसी देरी के उनकी मांग को स्वीकार करते हुए चारों बेटियों का पंजीकरण अपनी ड्रीम स्कॉलरशिप स्कीम से करवाया और फीस की किस्त जारी करने के निर्देश दिए।
समाजसेवा के कार्यों में भी मिलेगा सांसद का साथ
कार्यालय प्रभारी ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल की सोच है कि प्रदेश में पैसों की तंगी के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य प्रदान करना ही इस छात्रवृत्ति योजना का मुख्य उद्देश्य है। इसके साथ ही सांसद ने प्रगट सिंह को उनके निःस्वार्थ सामाजिक कार्यों के लिए भी आगे हर संभव मदद और उपकरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।
“मुश्किल वक्त में मिला सहारा, परिवार हमेशा रहेगा आभारी”
सांसद से मिली इस बड़ी राहत के बाद गोताखोर प्रगट सिंह ने गद्गद होकर सांसद नवीन जिन्दल का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नवीन जिन्दल अपने स्वर्गीय पिता ओ.पी. जिन्दल के पदचिह्नों पर चलते हुए कुरुक्षेत्र के हर वर्ग और जरूरतमंद की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। बेटियों की फीस का चेक मिलने से उनके सिर से बड़ा बोझ हट गया है। इस दौरान थानेसर हलका प्रभारी बलविंद्र सिंह, दीपशिखा, महिपाल फूले, पंकज बांगर और नवीन जिन्दल फाउंडेशन के कई सदस्य उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में ‘पीएम-सेतु’ योजना को हरी झंडी, कुरुक्षेत्र क्लस्टर को मिले ₹320.44 करोड़, बदल जाएगी ITI की तस्वीर

