PGI Paper Leak Case: पीजीआई के चर्चित एमडी/एमएस प्रवेश परीक्षा पेपर लीक घोटाले में तीन और महिला आरोपितों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। सीबीआई की विशेष अदालत ने पी. मंजुला, जी. कृष्णावेनी और जी. पदमा को दोषी करार देते हुए जेल में बिताई गई अवधि को ही उनकी सजा मान लिया। तीनों आरोपित पहले ही करीब तीन से चार महीने जेल में रह चुकी थीं। इस मामले में इससे पहले आंध्र प्रदेश निवासी वाई. हरिप्रिया भी अपना अपराध स्वीकार कर चुकी है। इस तरह 32 आरोपितों वाले इस बहुचर्चित मामले में अब तक चार आरोपित दोषी ठहराए जा चुके हैं।
सीबीआई ने वर्ष 2012 में पीजीआई की एमडी/एमएस प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक, नकल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिये उत्तर पहुंचाने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया था। यह मामला 10 नवंबर 2012 को आयोजित प्रवेश परीक्षा से जुड़ा है। परीक्षा चंडीगढ़ के 11 केंद्रों पर होनी थी। जांच में सामने आया था कि परीक्षा में अनुचित तरीके से अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए सुनियोजित तरीके से पूरा नेटवर्क तैयार किया गया था।
सीबीआई के मुताबिक, साजिश के तहत 14 डमी महिला अभ्यर्थियों से परीक्षा के लिए दो-दो आवेदन फार्म भरवाए गए थे। इसके लिए अलग-अलग नाम और फोटो का इस्तेमाल किया गया। ये महिलाएं मेडिकल की छात्राएं नहीं थीं और न ही परीक्षा में बैठने की पात्रता रखती थीं। आरोप था कि प्रत्येक डमी अभ्यर्थी को इस काम के बदले दो लाख रुपये तक देने का लालच दिया गया था। मौजूदा मामले में दोषी करार दी गई तीनों महिलाओं की भूमिका भी फर्जी आवेदन फार्म भरने से जुड़ी थी।
जांच में यह भी खुलासा हुआ था कि आरोपितों ने पूरी साजिश को अंजाम देने के लिए शहर के होटलों को ठिकाना बनाया था। होटल केसी रेजिडेंसी, सेक्टर-35 के अलावा सेक्टर-22 के अन्य होटलों में अभ्यर्थियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी। योजना के तहत परीक्षा केंद्रों में बैठे अभ्यर्थियों तक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से उत्तर पहुंचाए जाने थे, ताकि वे परीक्षा में अनुचित तरीके से लाभ हासिल कर सकें। हालांकि, परीक्षा में इस साजिश को अंजाम दिया जाता, उससे पहले ही सीबीआई को इसकी भनक लग गई। जांच एजेंसी ने अलग-अलग ठिकानों पर छापे मारकर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। करीब 14 साल पुराने इस मामले में अब तीन और महिलाओं के दोष स्वीकार करने से एक बार फिर पीजीआई प्रवेश परीक्षा में हुई इस कथित धांधली का मामला चर्चा में आ गया है।
Click Here👉 चंडीगढ़ की खबरें पढ़नें के लिए लिंक पर क्लिक करें


