Panipat News: पानीपत सिविल अस्पताल के सीटी स्कैन रूम में बीमार महिला से दरिंदगी, टेक्नीशियन पर केस दर्ज

पानीपत सिविल अस्पताल के सीटी स्कैन रूम में बीमार महिला से दरिंदगी, टेक्नीशियन पर केस दर्ज
Panipat News: हरियाणा के पानीपत स्थित सिविल अस्पताल में इंसानियत और इलाज के भरोसे को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अस्पताल के सीटी स्कैन रूम में जांच कराने आई 57 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार महिला के साथ वहीं तैनात सीटी स्कैन टेक्नीशियन ने यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता के प्राइवेट पार्ट्स से छेड़छाड़ की गई और करीब चार मिनट तक उसे बंद कमरे में रखकर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
दिल की बीमारी, शुगर और टीबी से जूझ रही पीड़िता इस हैवानियत का विरोध करने की हालत में भी नहीं थी। घटना के बाद आरोपी ने महिला को किसी से कुछ भी कहने पर जान से मारने की धमकी देकर बाहर भेज दिया। परिजनों को जब बेसुध हालत में महिला मिली, तो होश में आने पर उसने अपनी आपबीती सुनाई।
सीटी स्कैन के बहाने अकेले कमरे में ले गया आरोपी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पानीपत की एक कॉलोनी की रहने वाली महिला को रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे शरीर में तेज दर्द उठने पर परिजन सिविल अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी।
परिजन जब महिला को सीटी स्कैन रूम के बाहर ले गए, तो वहां मौजूद टेक्नीशियन राकेश ने तीमारदारों को बाहर ही रोक दिया और महिला को अकेला अंदर ले गया। शिकायत के मुताबिक, उस वक्त कमरे में कोई अन्य महिला स्वास्थ्यकर्मी या अटेंडेंट मौजूद नहीं था।
परिजनों को बाहर रोका, अंदर की दरिंदगी
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि सीटी स्कैन रूम में अकेले पाकर आरोपी राकेश की नीयत बिगड़ गई और उसने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। जबरन कपड़े हटाकर उसने महिला के साथ बदसलूकी की, जिससे उसे काफी शारीरिक दर्द हुआ। इतना ही नहीं, आरोपी ने दरिंदगी की हदें पार करते हुए तीन-चार बार दांतों से महिला के होंठ काट दिए।
गंभीर बीमारियों से पीड़ित होने के कारण असहाय महिला सिर्फ दर्द सहती रही। लगभग चार मिनट तक बंद कमरे में प्रताड़ित करने के बाद आरोपी ने महिला को यह धमकी देकर बाहर निकाला कि यदि किसी को इस बारे में बताया तो वह जान से मार देगा।
डायल-112 पर दी सूचना, रोहतक PGI रेफर
सीटी स्कैन रूम से बाहर आते ही महिला परिजनों के सामने ही बेसुध होकर गिर पड़ी। कुछ देर बाद जब उसे होश आया, तो उसने बिलखते हुए अपने परिजनों को इस दरिंदगी की जानकारी दी। परिजनों ने बिना वक्त गंवाए रात करीब साढ़े 11 बजे पुलिस हेल्पलाइन डायल-112 पर संपर्क किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची। सिटी थाना एसएचओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयानों और लिखित शिकायत के आधार पर देर रात ही आरोपी सीटी स्कैन ऑपरेटर राकेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। वहीं, महिला की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रोहतक पीजीआई (PGI) रेफर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें– Hockey World Cup: आज इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, सिरसा के राजिंदर सिंह पर रहेंगी निगाहें
