Punjab Weather Update: पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 1 नवंबर को मौसम का मिजाज पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। आसमान एकदम साफ रहने के कारण दिन के समय हल्की धूप खिल रही है, लेकिन उत्तर-पश्चिम दिशा यानी पहाड़ी इलाकों की तरफ से आने वाली ठंडी हवाओं ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। (Chandigarh weather 1 November) मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इन पछुआ हवाओं के चलते आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे तड़के और देर रात हल्की ठंड का अहसास और ज्यादा गहराने लगेगा।
बठिंडा में पारा 32.2°C के पार, तो होशियारपुर में मिली राहत (Bathinda highest temperature)
पिछले 24 घंटों की बात करें तो राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी देखी गई है, जो फिलहाल सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। हालांकि अलग-अलग जिलों के तापमान में बड़ा अंतर देखा जा रहा है। राजस्थान सीमा से सटा बठिंडा जिला सबसे गर्म दर्ज किया गया, जहां बठिंडा एयरपोर्ट पर पारा 32.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इसके ठीक उलट, हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों से सटे सीमावर्ती जिलों में दिन के समय भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। होशियारपुर में अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री और पठानकोट में 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रूपनगर में पारा 28.6 से 30.8 डिग्री के बीच झूलता रहा। मालवा क्षेत्र के पटियाला में 30.1 डिग्री और संगरूर में 28.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
कमजोर पड़ा पश्चिमी विक्षोभ, 6 नवंबर तक बारिश से राहत
मौसम केंद्र के अनुसार उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में बना पिछला पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ चुका है, हालांकि उसकी ऊपरी हवा की ट्रफ अभी भी बनी हुई है। उधर, पश्चिमी हवाओं में समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक नया ट्रफ सिस्टम विकसित जरूर हो रहा है, लेकिन इसका कोई खास प्रभाव मैदानों पर देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 6 नवंबर तक पंजाब और चंडीगढ़ के किसी भी हिस्से में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह साफ रहेगा।

