Bhiwani Crime: भिवानी जिले के जुई कलां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव आसलवास मरहेटा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। खेतों में बने मकान के पास दो पक्षों के बीच हुई इस खूनी भिड़ंत में जमकर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और पत्थर चले। इस अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
डंडे से शुरू हुआ विवाद, पूछने पहुंचे परिजनों पर टूट पड़े हमलावर
पुलिस को दी शिकायत में गांव आसलवास मरहेटा निवासी हवा सिंह ने बताया कि वह अपने खेतों में बने घर पर भाई नंदराम के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान गांव की ही एक महिला उनके भाई के घर पहुंची और वहां पड़ा डंडा उठाकर बिना कुछ कहे-सुने हवा सिंह पर ताबड़तोड़ वार करने लगी। किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया गया। इसके बाद हवा सिंह ने अपने भतीजे और बेटे संजय को फोन करके पूरी घटना की जानकारी दी।
जैसे ही हवा सिंह के बेटे संजय, बहू खुशबू, पत्नी सावित्री, मंजू और राजबाला मौके पर पहुंचे और महिला के परिवार से बेवजह मारपीट की वजह पूछी, तो आरोपी पक्ष आगबबूला हो गया। देखते ही देखते आरोपी कुल्हाड़ी, लाठी-डंडे और पत्थर लेकर उन पर टूट पड़े।
9 लोग घायल, जुई से भिवानी नागरिक अस्पताल रेफर
हमलावरों के इस हिंसक रुख को देख जब परिवार के अन्य सदस्य नरेश, नंदराम, राजेश और अंगूरी बीच-बचाव करने आए, तो उन्हें भी चोटें आईं। आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं। घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।
मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) जुई ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हवा सिंह, संजय, बाला देवी, नंदराम, राजेश, नरेश, मंजू, अंगूरी और खुशबू की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद भिवानी के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना के बाद से ही गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। जुई कलां पुलिस थाने के जांच अधिकारियों का कहना है कि हवा सिंह के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

