August 2, 2026

Rajasthan Weather: राज्य के 27 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, नागौर में सबसे ज्यादा 60 मिमी बारिश, श्रीगंगानगर सबसे गर्म

0
Rajasthan Weather: राज्य के 27 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट, नागौर में सबसे ज्यादा 60 मिमी बारिश, श्रीगंगानगर सबसे गर्म

राज्य के 27 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather: राजस्थान में प्री-मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को उदयपुर, अजमेर, कोटा, श्रीगंगानगर सहित 16 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि नागौर जिले के देह क्षेत्र में सबसे अधिक 60 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा में भी एक इंच से अधिक बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए राज्य के 27 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश कम होने से तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। श्रीगंगानगर 42.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया।

शुक्रवार को कई जिलों में हुई अच्छी बारिश
शुक्रवार दोपहर बाद उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कई इलाकों में घने बादल छा गए और अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश हुई। नागौर के खींवसर में 40 मिमी, प्रतापगढ़ के अरनोद में 32 मिमी, दलोत में 27 मिमी, राजसमंद के कुंभलगढ़ में 16 मिमी तथा श्रीगंगानगर के हिंदूमलकोट में 14 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। उदयपुर के झाड़ोल में 6 मिमी, जयपुर के पास विराटनगर में 18 मिमी, झुंझुनूं के मंडावा में 6 मिमी और झालावाड़ के डग में 23 मिमी वर्षा दर्ज हुई। कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया।

श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में तूफानी बारिश
श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। हनुमानगढ़ के डाबली राठन में 18 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। चित्तौड़गढ़ में 28 मिमी, भीलवाड़ा के करेड़ा में 35 मिमी, बिजौलिया में 12 मिमी तथा अजमेर के किशनगढ़ में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, बूंदी, दौसा, कोटा और पाली के कुछ इलाकों में भी बादल छाने के बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण कई स्थानों पर लोगों को गर्मी से राहत मिली।

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बरकरार
राजस्थान के पश्चिमी जिलों में प्री-मानसून बारिश अपेक्षाकृत कमजोर रहने से गर्मी का असर बना हुआ है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा जैसलमेर में 41.5, बीकानेर में 41.4, बाड़मेर में 41.2, चूरू में 41.9, फलोदी में 40, अलवर में 39.4, पिलानी (झुंझुनूं) में 39.7 और कोटा में 39 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

अगले तीन दिन भी सक्रिय रहेगा प्री-मानसून
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में अगले तीन दिनों तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में तापमान में गिरावट बनी रह सकती है, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में गर्मी का असर धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें; पंजाब-चंडीगढ़ में आज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed