Run for Unity Jaipur: सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राजस्थान की राजधानी जयपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्री प्रल्हाद जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पदक विजेता खिलाड़ियों समेत बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सरदार पटेल के देश के एकीकरण में योगदान को याद किया, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से अनुशासन, सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि आज जिस ‘एक भारत’ को देश देख रहा है, उसके पीछे सरदार वल्लभभाई पटेल के कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम का ऐतिहासिक योगदान है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में साकार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने सरदार पटेल द्वारा 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में निभाई गई भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के निर्माण में भी सरदार पटेल के योगदान को हमेशा याद किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, 30 मार्च 1949 को वृहद राजस्थान को साकार करने में सरदार पटेल की भूमिका रही। केंद्रीय मंत्री ने गुजरात के केवड़िया में स्थापित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा राष्ट्र के प्रति सरदार पटेल के समर्पण और राष्ट्रीय एकता के संकल्प का प्रतीक है। जोशी ने युवाओं से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का अवलोकन करने और सरदार पटेल के जीवन व विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश की भाषाएं और परंपराएं भले अलग-अलग हों, लेकिन भारत की राष्ट्रीय पहचान एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि सरदार पटेल के सपनों का सशक्त भारत युवाओं के सहयोग से बनाया जा सकता है। इसी सोच के तहत युवाओं को माय भारत जैसे मंचों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने युवाओं को नौकरी खोजने वाले से नौकरी देने वाला बनाने में मदद की है। वहीं, खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट के जरिए गांव-ढाणी की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
1.93 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां मिलने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्तियां, आधुनिक खेल सुविधाएं और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। युवा नीति, नई रोजगार नीति और राज्य कौशल नीति के माध्यम से युवाओं के भविष्य को मजबूत करने की बात भी उन्होंने कही। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 410 परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई हैं और अब तक 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। इसके अलावा 1 लाख 18 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में 5 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इन आंकड़ों का सीधा असर प्रदेश के उन युवाओं से जुड़ा है, जो सरकारी नौकरी के साथ निजी क्षेत्र और कौशल आधारित रोजगार के अवसरों की तलाश कर रहे हैं। सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रियाओं और रोजगार योजनाओं पर जोर चुनावी और सामाजिक दोनों स्तरों पर युवाओं के लिए अहम माना जा रहा है।
कौशल प्रशिक्षण से मिशन ओलंपिक-2028 तक सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अब तक 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। युवा संबल योजना के तहत 4 लाख लाभार्थियों को 1 हजार 643 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में एक जिला-एक खेल योजना और खेल जीवन बीमा योजना भी शुरू की गई हैं। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘मिशन ओलंपिक-2028’ शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, 2028 ओलंपिक की तैयारी को ध्यान में रखते हुए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 20 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्रों की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरदार पटेल के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करना ही सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
‘रन फॉर यूनिटी’ में कई पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। जयपुर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय एकता और देश की एकजुटता का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़ और मंजू शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जयपुर के महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।
Click Here👉 जगमार्ग की राजस्थान की खबरें पढ़ने के लिए िलंक नर क्लिक करें

