Rohtak Bus Accident: रोहतक जिले के महम इलाके में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच महम के पास एक हरियाणा रोडवेज की बस और ब्रेजा कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुल के नीचे चारपाई पर बैठे 75 वर्षीय बुजुर्ग को कुचलती हुई निकल गई। इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही महम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
कार मालिक का आरोप- बस की रफ्तार थी 100 से ज्यादा
कार के मालिक और हादसे में बाल-बाल बचे रवि (निवासी हिसार) ने बताया कि वह अपनी गाड़ी से परिवार के साथ हिसार से दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने बताया कि वे सर्विस लेन पर चल रहे थे और एक ब्रेकर पार करने के बाद उनकी गाड़ी की स्पीड महज 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी दौरान पीछे से फरीदाबाद डिपो की एक हरियाणा रोडवेज बस बेहद तेज गति (करीब 100 की स्पीड से) में आई और उनकी गाड़ी की कंडक्टर साइड में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही कार पूरी तरह से बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पुल के पिल्लर पर जाकर रुकी। रवि ने आरोप लगाया कि पूरी गलती बस ड्राइवर की थी, जिसने भारी ट्रैफिक और निर्माण कार्य के बीच भी बस की रफ्तार कम नहीं की।
बुजुर्ग की मौके पर मौत, कार सवार माता-पिता भी घायल
रवि ने बताया कि जिस वक्त हादसा हुआ, उस जगह पुल के नीचे एक बुजुर्ग अपनी चारपाई डालकर बैठे थे। अनियंत्रित हुई कार सीधे उनकी चारपाई पर जा चढ़ी, जिससे बुजुर्ग मामन (75) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण टक्कर के कारण कार में बैठे रवि के माता-पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का मंजर देख कार में बैठी उनकी मां पूरी तरह बेसुध हो गईं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
महम थाना एसएचओ सतपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य के चलते रूट डायवर्ट है। फरीदाबाद डिपो की यह बस महम से बेरी की तरफ जा रही थी, जबकि कार हिसार से दिल्ली की ओर आ रही थी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और बस चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें– Panipat Theft News: पानीपत में बेखौफ चोरों का कहर, कानड़ी और कुलदीप नगर में दो मकानों से लाखों के जेवर पार

