Rohtak Crime: रोहतक में युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी बोली- ‘प्रेम विवाह से चिढ़ती थी सास, जहर देकर मार डाला’
रोहतक में युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी बोली- 'प्रेम विवाह से चिढ़ती थी सास, जहर देकर मार डाला'
Rohtak Crime: रोहतक शहर के सैनी पुरा मोहल्ले में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब करीब 27 वर्षीय विशाल सैनी का शव उसके पैतृक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। विशाल की मौत की खबर मिलते ही फरीदाबाद से रोहतक पहुंची उसकी पत्नी और मायके वालों ने सिविल अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने ससुराल पक्ष (विशाल की अपनी मां और मामा) पर संपत्ति विवाद और प्रेम विवाह से नाराजगी के चलते जहर देकर हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। घटना की सूचना पाकर ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम विवाह से खफा थी मां, 3 महीने पहले घर से निकाला था
मृतक विशाल की पत्नी रूबी सैनी ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि चार साल पहले उसने विशाल से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से विशाल की मां रेखा बेहद खफा थी। विशाल को शराब पीने की लत थी और उस पर कुछ कर्ज भी हो गया था। करीब तीन महीने पहले सास ने चोरी का बेबुनियाद आरोप लगाकर रूबी को घर से निकाल दिया था।
इसके एक महीने बाद विशाल भी रोहतक छोड़कर फरीदाबाद में अपनी पत्नी के पास किराए के मकान में रहने चला गया था। दो दिन पहले ही विशाल अपनी मां रेखा के बुलाने और कर्ज चुकाने की बात सुनकर वापस रोहतक आया था।
‘गले पर फांसी का निशान नहीं, शरीर पड़ा है नीला’: फरीदाबाद से पहुंची पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
रूबी ने बताया कि रात करीब 3 बजे उसे फोन पर सूचना दी गई कि विशाल ने फंदा लगा लिया है। जब वह चार घंटे का सफर तय कर फरीदाबाद से रोहतक सिविल अस्पताल पहुंची, तो वहां विशाल के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
रूबी का आरोप है कि विशाल का शव पूरी तरह नीला पड़ा हुआ था और गले पर फांसी का कोई निशान नहीं था। रूबी ने दावा किया कि उसे बताया गया कि विशाल डेढ़ घंटे तक फंदे पर लटका रहा, जो पूरी तरह झूठ है। उसे शक है कि विशाल को पहले जहर दिया गया और फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी की झूठी कहानी गढ़ी गई।
केस रफा-दफा करने के लिए 4 लाख का ऑफर, 21 दिन पहले पिता को खो चुकी पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की सास मुकेश देवी ने रोते हुए बताया कि महज 21 दिन पहले पीजीआई में उनके पति का देहांत हुआ था। अभी परिवार उस गहरे सदमे से उबरा भी नहीं था कि दामाद की हत्या की खबर आ गई। मुकेश देवी का आरोप है कि विशाल की मां और उसका मामा कुणाल लगातार दोनों पर तलाक देने का दबाव बना रहे थे ताकि विशाल को जायदाद में हिस्सा न देना पड़े।
पत्नी रूबी ने यह भी आरोप लगाया कि मामा और सास अब उस पर 2-4 लाख रुपये लेकर केस रफा-दफा करने का दबाव बना रहे हैं। फिलहाल ओल्ड सब्जी मंडी थाना पुलिस ने पत्नी के बयान दर्ज कर लिए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
यह भी पढ़ें– Sonipat Dairy Fire: सोनीपत के कच्चे क्वार्टर में महावीर डेयरी में लगी भीषण आग, बाल-बाल बची इमारत
