Sonipat godown fire: सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बरोटा के पास सफियाबाद रोड पर स्थित एक फोम गोदाम में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अलसुबह करीब 4 बजे लीजेंड पॉलीफॉर्म प्राइवेट लिमिटेड नामक फोम के गोदाम में अचानक भयंकर आग भड़क उठी। (Barota village Sonipat) चूंकि गोदाम के अंदर भारी मात्रा में ज्वलनशील फोम मौजूद था, इसलिए आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी आगोश में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हुईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम की टिन शेड और लोहे के गाटर जलकर टेढ़े हो गए, जिससे अंदर पानी फेंकने और आग बुझाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। (Legend Polyform fire) इस भीषण हादसे में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की शुरुआती जानकारी सामने आई है, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
एसडीआरएफ की तलाशी में मिले दो कंकाल
मुख्य आग पर काबू पाने के बाद रोहतक से बुलाई गई एसडीआरएफ (SDRF) की विशेष टीम को गोदाम के भीतर तलाशी अभियान के लिए उतारा गया। टिन शेड ढहने के कारण अंदर प्रवेश करना बेहद कठिन था, लेकिन टीम ने जोखिम उठाकर सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान अंदर दो मानव कंकाल बरामद हुए, जिससे घटनास्थल पर सनसनी फैल गई। एसडीआरएफ टीम के हेड राजेश ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस ने दोनों कंकालों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है।
शुरुआती तफ्तीश में इन कंकालों की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के रहने वाले सुनील और कन्हैयालाल के रूप में हुई है, जो इसी गोदाम में मजदूरी का काम करते थे। दो मजदूरों के इस तरह जिंदा जलने की खबर सामने आने के बाद मामला बेहद गंभीर हो गया है। (Haryana fire accident) पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जिस वक्त आग लगी, उस समय गोदाम के अंदर कुल कितने लोग मौजूद थे और क्या कोई अन्य मजदूर भी लापता है या नहीं। कुंडली थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें–Sonipat Murder Case: मां की हत्या के मामले में फंसी जानवी बोली- आरोपी के खिलाफ खुद कोर्ट में दूंगी गवाही

