Sonipat Minor Girl Murder: हरियाणा के सोनीपत जिले में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। बहालगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में पिछले एक हफ्ते से लापता 16 साल की नाबालिग लड़की का शव मंगलवार शाम गांव के ही एक तालाब से बरामद किया गया।
शव की हालत देखकर हर कोई सिहर उठा; परिजनों का दावा है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने की नीयत से किशोरी का चेहरा किसी ज्वलनशील पदार्थ या तेजाब से जला दिया था। कपड़ों और चुन्नी को देखकर मां ने अपनी बेटी की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया है।
जिस दिन हुई छेड़छाड़, उसी दिन से गायब थी बेटी
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली पीड़ित मां ने रोते हुए आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ करीब चार साल पहले मजदूरी के लिए सोनीपत आई थीं। तीन महीने पहले ही बीमारी से पति की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह फैक्ट्री में काम कर परिवार चला रही थीं।
गत 28 अक्टूबर को जब वह काम पर गई थीं, तब पड़ोस में रहने वाला एक युवक शराब के नशे में कमरे में घुस आया और दोनों छोटे बेटों को 100 रुपये देकर दुकान भेज दिया। इसके बाद उसने किशोरी के साथ अश्लील हरकत की। बच्चों के अचानक लौटने पर राज खुला तो पड़ोसियों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। लेकिन इसी घटना के बाद से लड़की संदिग्ध हालात में गायब हो गई थी।
देवर और रिश्तेदारों पर पुरानी रंजिश में हत्या का शक
पीड़ित मां ने पुलिस को दी शिकायत में अपने ही देवर और उसके दामाद पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले उसने अपने देवर के दामाद को बेटी के साथ गलत हरकत करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था।
उस वक्त विरोध करने पर उसके परिवार के साथ मारपीट की गई थी और लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। महिला का आरोप है कि उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है और साक्ष्य मिटाने के लिए बेटी की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया।
पुलिस का बयान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मामले की जांच कर रहे बहालगढ़ थाना पुलिस के जांच अधिकारी जसमेर सिंह ने बताया कि तालाब से किशोरी का शव बरामद कर लिया गया है। शुरुआती निरीक्षण में शव पर किसी प्रकार के सीधे गलत काम के निशान स्पष्ट नहीं हुए हैं। 28 अक्टूबर को पकड़े गए युवक को प्राथमिक पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया था।
जांच अधिकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और चेहरे पर लगे निशानों की सच्चाई सामने आ पाएगी। पुलिस सभी संभावित कोणों और परिजनों द्वारा जताए गए शक के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
यह भी पढ़ें–Panipat Accident: पानीपत जीटी रोड पर तड़के पलटा सेब से भरा ट्रक, हाईवे पर बिखरीं सैकड़ों पेटियां


