Narnaul News: जिले के निजामपुर क्षेत्र में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी विद्युत परियोजना को बड़ा झटका लगा है। यहां 765 केवी हाईटेंशन लाइन के निर्माण कार्य में लगे सामान की बड़े स्तर पर चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देते हुए करीब 25 किलोमीटर कंडक्टर और उससे जुड़ा लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी कर लिया।
एक स्थान पर 15 से 20 अज्ञात लोगों की सशस्त्र या संगठित टोली द्वारा चोरी करने और सामान को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया है। कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर की शिकायत पर निजामपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के चकदाह निवासी दीपांकर देबनाथ ने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से स्किपर लिमिटेड कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी कंपनी केंद्र सरकार के विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (PGCIL) की 765 केवी डीसी सीकर-द्वितीय से नरेला ट्रांसमिशन लाइन परियोजना पर काम कर रही है। इस महत्वपूर्ण परियोजना की कुल लंबाई 115.048 किलोमीटर है, जिसका स्टोर सहापुरा रोड पर नीलकंठ होटल के सामने स्थित है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वारदातों का यह सिलसिला कई दिनों तक चला-
31 अक्टूबर की वारदात: सेक्शन 73A/0 से 74/0 के बीच चोरों ने करीब 2 किलोमीटर कंडक्टर, 32 लाइन स्पेसर, 40 MSCJ और 2 क्वाड टेंशन फिटिंग चोरी कर ली तथा अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया।
1 नवंबर की मध्यरात्रि (पहली घटना): बामनवास नौ के पास सेक्शन 72A/1 से 73/0 के बीच अज्ञात चोरों ने लगभग 9.5 किलोमीटर कंडक्टर, 64 लाइन स्पेसर, 60 MSCJ और 4 क्वाड टेंशन फिटिंग पर हाथ साफ कर दिया।
1 नवंबर की मध्यरात्रि (दूसरी घटना): इसी दिन सेक्शन 73/0 से 73A/0 के बीच 15 से 20 अज्ञात लोगों की बड़ी टोली ने धावा बोला। यहां से करीब 13.5 किलोमीटर कंडक्टर, 96 लाइन स्पेसर, 80 MSCJ और 6 क्वाड टेंशन फिटिंग चोरी कर ली गई और साइट पर रखे अन्य उपकरणों को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया गया।
दीपांकर देबनाथ ने निजामपुर थाना पुलिस से मांग की है कि इन तीनों घटनाओं की गहराई से जांच कर चोरी हुए पूरे सामान को बरामद किया जाए और इस बड़ी वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 2 नवंबर 2026 को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
यह भी देखें – एसडीएम उदय सिंह ने सिरोही बहाली के स्कूल और पीएचसी का किया औचक निरीक्षण


