Yamunanagar News: यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र से नाबालिग बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक गांव में 16 वर्षीय किशोर को बहाने से ले जाकर गांव के ही दो युवकों ने कुकर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित किशोर के शोर मचाने और विरोध करने के बावजूद आरोपियों ने उसका मुंह बंद कर जबरदस्ती की। वारदात के बाद सहमे बच्चे ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
बहाने से डॉक्टर की दुकान में ले गए, विरोध करने पर भी नहीं माना दिल
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित किशोर के पिता ने पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 नवंबर को उनका 16 साल का बेटा घर पर अकेला मौजूद था। उसी दौरान गांव के ही रहने वाले जुनैद और मानी उनके घर आए और किसी काम का बहाना बनाकर बेटे को अपने साथ ले गए। आरोपी उसे गांव में ही स्थित एक डॉक्टर की बंद दुकान के अंदर ले गए। वहां आरोपियों ने उसका मुंह कसकर दबा दिया ताकि वह चिल्ला न सके और उसके साथ घिनौना काम किया। पीड़ित ने खुद को छुड़ाने की काफी कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी।
पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और BNS की धाराओं में दर्ज किया मामला
घटना के बाद आरोपी किशोर को किसी से कुछ न कहने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। रोता-बिलखता बच्चा जब घर पहुंचा तो उसने अपनी मां और पिता को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजन तुरंत छछरौली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी जुनैद और मानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की तलाश में दबिश, जल्द होगी गिरफ्तारी
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित किशोर का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वारदात के बाद से ही दोनों नामजद आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस की एक टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें– मेयर सुमन बहमनी का बड़ा एक्शन, गुलाब नगर में रेलवे लाइन के नीचे चल रहे ड्रेनेज प्रोजेक्ट का लिया जायजा


